बरेली। बहेड़ी क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर बृहस्पतिवार को पति-पत्नी के विवाद ने सड़क पर हंगामे का रूप ले लिया। पत्नी को एक युवक की लाल रंग की कार में सवार देखकर पीछे से पहुंचे पति ने कार रुकवा ली। युवक को पत्नी का प्रेमी समझकर उसका कॉलर पकड़कर कार से बाहर निकाला और थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान पत्नी के साथ भी मारपीट की गई और उसका नकाब खींच दिया गया। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि पति को काफी समय से पत्नी पर शक था। बृहस्पतिवार को वह कथित तौर पर मोबाइल लोकेशन के आधार पर पत्नी की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और उसका पीछा करते हुए नैनीताल हाईवे तक पहुंच गया। इसी दौरान उसने पत्नी को एक लाल रंग की कार में बैठते देख लिया। कार कुछ दूर आगे बढ़ी तो पति ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर उसे रुकवा लिया। इसके बाद सड़क पर ही हंगामा शुरू हो गया।
कॉलर पकड़ कार से निकाला, जड़ दिए थप्पड़
कार रुकते ही पति ने चालक का कॉलर पकड़कर उसे बाहर निकाल लिया और गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। वायरल वीडियो में युवक हाथ जोड़कर सफाई देता दिखाई दे रहा है। वह महिला को सिर्फ लिफ्ट देने की बात कहता रहा और उसे बहन जैसा बताता रहा। इसके बावजूद पति का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह पत्नी को अपनी आंखों से कार में बैठते देखने की बात कहते हुए युवक से उलझता रहा। हंगामे के बीच महिला भी कार से बाहर आ गई। आरोप है कि पति ने उसके साथ भी मारपीट की और उसका नकाब खींच दिया। महिला रोते हुए खुद को बेकसूर बताती और सफाई देती दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो में पति मोबाइल और लोकेशन के जरिये पीछा करने की बात भी कहता सुनाई दे रहा है।
हाईवे पर जुटी भीड़, लोग बनाते रहे वीडियो
बीच हाईवे पर मारपीट और हंगामा देखकर राहगीरों, ई-रिक्शा चालकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वाहनों के रुकने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद कई लोग मोबाइल फोन से घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे। बाद में कुछ बुजुर्गों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बहेड़ी पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी मिली है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।