sहादसे के बाद मौके पर जुटे लोग और जांच करती पुलिस।

बरेली। बहेड़ी में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान पर काम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पाड़ बांधते समय बारिश में भीगा बांस ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इससे करंट की चपेट में आए राजमिस्त्री ऊंचाई से नीचे सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पाड़ बांधते वक्त हाईटेंशन लाइन से टकराया बांस

मोहल्ला मोहम्मदपुर में शुक्रवार को एक तीन मंजिला मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। 35 वर्षीय राजमिस्त्री मोहम्मद हसन मकान पर काम कर रहे थे। निर्माण कार्य के लिए बांस की पाड़ बांधी जा रही थी। इसी दौरान इस्तेमाल किया जा रहा एक बांस ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण बांस भीगा हुआ था। हाईटेंशन लाइन से संपर्क होते ही बांस में करंट उतर आया और मोहम्मद हसन इसकी चपेट में आ गए।

तेज झटका लगा और सड़क पर जा गिरे

करंट का झटका इतना तेज था कि मोहम्मद हसन निर्माणाधीन मकान की ऊंचाई से सीधे नीचे सड़क पर जा गिरे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

परिवार में कोहराम, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव

राजमिस्त्री की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मोहम्मद हसन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद मोहल्ले में भी मातम पसरा रहा। सूचना पर बहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *