बरेली। कैंट थाना पुलिस ने बरेली-शाहजहांपुर रोड स्थित जाट गेट के पास से 60.98 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाशी में एक सैमसंग मोबाइल फोन और 200 रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात कैंट थाने की टीम क्षेत्र में गश्त के साथ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जाट गेट के सामने एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
तलाशी में मिली 60.98 ग्राम स्मैक
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम हनीफ (55) पुत्र हबीब शाह निवासी ग्राम कैमुआ, थाना भमोरा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 60.98 ग्राम स्मैक, एक सैमसंग मोबाइल फोन और 200 रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, आरोपी स्मैक रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद उसे शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया। बरामद स्मैक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ मुकदमा
कैंट पुलिस ने हनीफ के खिलाफ मुकदमा संख्या 479/2026 दर्ज किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत कार्रवाई की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक हीरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक इंतजार हुसैन और कांस्टेबल राजीव कुमार, रियाज अली व निखिल सिरोहा शामिल रहे।