बरेली। दोस्तों ने खतरा देखकर रोका, लेकिन 22 वर्षीय रवि मिश्रा बाइक लेकर नकटिया नदी पार करने के लिए आगे बढ़ गया। पानी इतना बढ़ चुका था कि नदी में लगे खंभे तक नजर नहीं आ रहे थे। कुछ ही पलों में बाइक का संतुलन बिगड़ा और रवि बाइक समेत गहरे पानी में समा गया। किनारे खड़े उसके दोनों दोस्त बेबस देखते रह गए। घटना शनिवार को इज्जतनगर क्षेत्र के पहाड़गंज गांव के पास हुई। गोताखोर नदी में रवि की तलाश कर रहे हैं।
तीन दोस्त निकले थे महानगर की ओर
रिठौरा निवासी रवि मिश्रा (22) अपने दोस्त सैटेलाइट निवासी पंकज शर्मा (27) और सुरेश शर्मा नगर निवासी मंतोष मिश्रा (27) के साथ पहाड़गंज की ओर से महानगर की तरफ जा रहा था। रास्ते में नकटिया नदी पड़ी। यहां पैदल नदी पार करने के लिए खंभे लगे हैं, लेकिन जलस्तर बढ़ने से वे पानी में डूब चुके थे। नदी में पानी ज्यादा देखकर मंतोष ने रवि को बाइक लेकर आगे जाने से मना किया। इसके बावजूद रवि ने खंभों के सहारे बाइक से नदी पार करने की कोशिश की। वह कुछ दूर ही पहुंचा था कि अचानक बाइक फिसल गई। संभलने का मौका मिलने से पहले ही रवि बाइक समेत नदी में जा गिरा।
आंखों के सामने गहरे पानी में डूब गया दोस्त
पंकज और मंतोष किनारे पर ही रुक गए थे। बाइक गिरते ही उन्होंने रवि को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज और गहरे पानी के बीच वह देखते ही देखते ओझल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर इज्जतनगर थाना पुलिस और अहलादपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों को नदी में उतारकर रवि की तलाश शुरू कराई गई। बचाव दल को भी बुलाया गया। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम के मुताबिक, साथ मौजूद दोनों युवक सुरक्षित हैं। नदी में डूबे रवि की तलाश की जा रही है।