sशुभमन गिल और विराट कोहली

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल और विराट कोहली की दोस्ती एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। एक मजेदार वायरल रील में कंटेंट क्रिएटर ने शुभमन गिल को विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के बेटे अकाय का ‘अंकल’ बता दिया। वीडियो पर गिल ने भी ऐसा जवाब दिया कि क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इसकी खूब चर्चा होने लगी।

अकाय की ‘स्कूल टीचर’ बनकर बनाई मजेदार रील

इंस्टाग्राम पर वायरल हो रही कॉमेडी रील में एक कंटेंट क्रिएटर खुद को अकाय की स्कूल टीचर के रूप में दिखाती है। वीडियो में अकाय की एक काल्पनिक शरारत का जिक्र करते हुए टीचर अगले दिन उसके माता-पिता विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को स्कूल बुलाने की बात कहती है। इसके बाद वीडियो में मजेदार मोड़ आता है। टीचर अकाय से कहती है कि वह अपने ‘अंकल’ शुभमन गिल को भी साथ लेकर आए। क्रिकेट प्रशंसकों को यह अंदाज काफी पसंद आया और देखते ही देखते रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

गिल बोले- भाई, चिंता मत करो… मैं संभाल लूंगा

मामला तब और दिलचस्प हो गया, जब वायरल रील शुभमन गिल तक पहुंची। गिल ने वीडियो पर विराट कोहली को टैग करते हुए लिखा, ‘bhai dw I gotchu’। इसका आशय था—‘भाई, चिंता मत करो, मैं संभाल लूंगा।’ गिल का यह कमेंट सामने आते ही प्रशंसकों ने मजेदार प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगा दी। किसी ने गिल को अकाय का ‘अंकल’ बताया तो किसी ने विराट और शुभमन की दोस्ती को लेकर चुटकी ली।

मैदान के बाहर भी खास है विराट-गिल की बॉन्डिंग

विराट कोहली और शुभमन गिल के बीच मैदान पर भी अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिलती रही है। गिल कई मौकों पर विराट कोहली के अनुभव से सीखने की बात कह चुके हैं। वहीं दोनों क्रिकेटरों के बीच मैदान से बाहर का दोस्ताना अंदाज भी प्रशंसकों को खूब पसंद आता है। अब सोशल मीडिया पर वायरल इस मजेदार रील और गिल के जवाब ने दोनों की दोस्ती को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *