बरेली। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में गुरुवार को 300 बेड अस्पताल में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निजी मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और नर्सिंग होम के प्रतिनिधियों को एचएमआईएस, यू-विन पोर्टल और एबीडीएम योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान एसीएमओ डॉ. अमित कुमार और डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने मौजूद प्रतिनिधियों को बताया कि सभी निजी अस्पतालों का इन पोर्टलों पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। उन्होंने पोर्टल के सही उपयोग, डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया और डिजिटल हेल्थ मिशन के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि एबीडीएम योजना के तहत मरीजों की आभा आईडी, अस्पतालों की एचएफआर आईडी और डॉक्टरों की एचपीआर आईडी बनाई जा रही है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जा सके। साथ ही अस्पतालों में निर्धारित मानकों के अनुसार डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जस्सी रजनी समेत जनपद के कई निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पोर्टल संचालन, आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया और अन्य तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभी निजी अस्पतालों से अपील की कि वे जल्द से जल्द पोर्टल पर पंजीकरण कराकर सरकार के डिजिटल हेल्थ मिशन को सफल बनाने में सहयोग करें।