बरेली। शिक्षा को जनआंदोलन बनाने के लक्ष्य के साथ चलाए जा रहे “स्कूल चलो अभियान” ने बरेली में जोरदार दस्तक दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से शुभारंभ के बाद शहर के अर्बन हाट ऑडिटोरियम में भव्य प्रवेश उत्सव का आयोजन हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने का संकल्प दोहराया।
सीएम का लाइव संदेश, शिक्षा को लेकर जागरूकता का संचार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने इसे ध्यानपूर्वक सुना। संदेश साफ था—हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचानी है और समाज को इसके लिए जागरूक करना है। दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, इसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने माहौल को पूरी तरह शिक्षामय बना दिया।
किताबें मिलीं, मेडल से सम्मान… बच्चों का बढ़ा हौसला
प्रवेश उत्सव में छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। साथ ही प्रांतीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। हरूगला विद्यालय के छात्र हर्षित को उनके अभिनव साइंस प्रोजेक्ट के लिए विशेष सम्मान मिला, जिसने कार्यक्रम में मौजूद अन्य बच्चों को भी प्रेरित किया।
रैली और एलईडी वैन से घर-घर पहुंचेगा संदेश
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता रैली और एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। “पढ़ेंगे-पढ़ाएंगे, उन्नत देश बनाएंगे” के संदेश के साथ यह रैली शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों को शिक्षा के महत्व से जोड़ने का काम करेगी।
मंच पर जुटे मंत्री-सांसद से लेकर प्रशासनिक अफसर
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर डॉ. उमेश गौतम और विधायक एमपी आर्य सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम सौरभ दुबे, अपर निदेशक बेसिक शिक्षा, डीआईओएस अजीत सिंह और बीएसए डॉ. विनीता भी उपस्थित रहे।
संकल्प: अब कोई बच्चा शिक्षा से नहीं रहेगा दूर
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। “स्कूल चलो अभियान” के जरिए न सिर्फ नामांकन बढ़ाने, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और समाज में जागरूकता लाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।