बरेली। शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसकी सिहरन पैदा कर देने वाली तस्वीर सामने आई। मर्सी फॉर ऑल सोसाइटी की संचालक और जानी-मानी पशु प्रेमी शालिनी अरोड़ा के घर में दिनदहाड़े एक चोर घुस आया। चोरी के इरादे से दाखिल हुए आरोपी ने घर में मौजूद शालिनी अरोड़ा और उनकी सहायिका कुमकुम पर जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार, शोर और मदद की गुहार के बावजूद पूरा मोहल्ला मूकदर्शक बना रहा।
घटना शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे की है। शालिनी अरोड़ा और कुमकुम घर के अंदर काम कर रही थीं, तभी एक युवक दीवार फांदकर घर में घुस आया। घर के पालतू कुत्ते ने साहस दिखाते हुए हमलावर पर झपट्टा मारा और उसका पैर दबोच लिया। बौखलाए आरोपी ने कुत्ते पर भी हमला कर दिया। यह दृश्य देखकर शालिनी ने शोर मचाया। कुमकुम बाहर आई तो आरोपी ने दोनों महिलाओं पर हमला बोल दिया। शालिनी अरोड़ा के मुताबिक वह लगातार मदद के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन एक भी पड़ोसी घर से बाहर नहीं निकला। राह चलते लोग तमाशबीन बने रहे। पुलिस की आपात सेवा 112 पर कॉल तक नहीं लग सकी। हमलावर खुलेआम आतंक मचाता रहा।
मौत से भिड़ गए मुल्ला जी, बन गए ढाल
इसी दौरान कबाड़ खरीदने वाले मुल्ला जी वहां से गुजर रहे थे। शोर सुनते ही उन्होंने बिना एक पल सोचे, अपनी जान जोखिम में डालकर हमलावर से भिड़ने का साहस किया। आरोपी ने उन पर भी हमला किया और सिर पर वार किया, लेकिन मुल्ला जी ने उसे नहीं छोड़ा। कुछ ही देर में शालिनी के सेंटर के कर्मचारी पहुंचे। सभी ने मिलकर आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निसार बताया है। इस हमले में शालिनी अरोड़ा, उनकी सहायिका कुमकुम और मुल्ला जी तीनों घायल हो गए। शालिनी की ओर से इज्जतनगर थाने में आरोपी निसार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी का चालान कर दिया गया है।
वीडियो जारी कर बोलीं शालिनी यह है असली इंसानियत
घटना के बाद शालिनी अरोड़ा ने एक वीडियो जारी कर मुल्ला जी का आभार जताया। उन्होंने कहा जिस वक्त पूरा समाज आंखें फेर चुका था, उस वक्त मुल्ला जी ने इंसानियत की नजीर पेश की। धर्म और मजहब का असली मतलब इंसान की जान बचाना है। उन्होंने हमें नई जिंदगी दी है। घटना के अगले दिन शालिनी ने मुल्ला जी को अपने घर बुलाकर सम्मान के साथ उनका शुक्रिया अदा किया।