Social Sharing icon

बरेली। रंगों के त्योहार होली पर बरेली में पुलिस और प्रशासन के आला अफसर भी मस्ती में सराबोर नजर आए। एडीजी रमित शर्मा के आवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में एसएसपी अनुराग आर्य फिल्मी गाने ‘चुम्मा-चुम्मा दे दे’ पर झूमते दिखाई दिए, जबकि आईपीएस अंशिका वर्मा ने काला चश्मा लगाकर ‘लंदन ठुमका’ पर डांस किया। ढोल और डीजे की धुन पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी देर तक रंग-गुलाल उड़ाते रहे।

डीएम आवास से शुरू हुआ होली मिलन

होली की सुबह सबसे पहले जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आवास पर अधिकारियों का जमावड़ा लगा। यहां एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत कई अधिकारी पहुंचे और जिलाधिकारी के साथ गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। इसके बाद अधिकारियों का काफिला डीआईजी अजय कुमार साहनी के आवास पहुंचा, जहां भी रंग-गुलाल के बीच होली मनाई गई। डीआईजी आवास से अधिकारी कमिश्नर आवास पहुंचे और फिर एडीजी रमित शर्मा के आवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

गाने बजते ही डांस फ्लोर पर उतरे अफसर

कार्यक्रम के दौरान डीजे पर फिल्मी गाने बजते ही अफसर खुद को रोक नहीं सके। एसएसपी अनुराग आर्य ‘चुम्मा-चुम्मा दे दे’ गाने पर झूम उठे। वहीं आईपीएस अंशिका वर्मा ने ‘लंदन ठुमका’ पर डांस कर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। बताया जाता है कि अधिकारी जब एडीजी आवास पहुंचे तो एडीजी रमित शर्मा बाहर नहीं निकले। इस पर एसएसपी अनुराग आर्य ने गाना गाकर उन्हें बाहर आने का न्योता दिया। इसके बाद डीआईजी अजय साहनी ने माइक लेकर उन्हें बाहर बुलाया, तब एडीजी बाहर आए और फिर रंग-गुलाल के बीच होली का जश्न शुरू हुआ।

डीएसपी का ‘एनिमल डांस’ बना आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान डीएसपी संदीप ने सिर पर गिलास रखकर ‘एनिमल डांस’ किया, जिसे देखकर अधिकारी और पुलिसकर्मी ठहाके लगाते रहे। ढोल और डीजे की धुन पर देर तक मस्ती का माहौल बना रहा। इस मौके पर एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, आईपीएस अंशिका वर्मा, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *