लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोपों ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में समाजवादी पार्टी के नेता सुरेन्द्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया के रिसॉर्ट से 88 गैस सिलेंडर बरामद होने के बाद बड़ा मामला सामने आया है। छापेमारी के बाद प्रशासन ने सपा नेता, उनकी पत्नी और कई अन्य लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लखनऊ में गैस की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने मोहन रोड स्थित एक रिसॉर्ट पर छापेमारी कर 88 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। यह रिसॉर्ट समाजवादी पार्टी के नेता सुरेन्द्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया का बताया जा रहा है। छापेमारी की कार्रवाई के बाद प्रशासन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सपा नेता समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर ही नहीं बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। सोनू कनौजिया मलीहाबाद क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, इसलिए इस मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है।
रिसॉर्ट से बरामद हुए 88 गैस सिलेंडर
जिला पूर्ति विभाग को सूचना मिली थी कि मोहन रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापे के दौरान रिसॉर्ट परिसर से कुल 88 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। बरामद सिलेंडरों में से 74 घरेलू गैस सिलेंडर 14.2 किलो वाले बताए जा रहे हैं। एफआईआर में दर्ज जानकारी के मुताबिक 88 सिलेंडरों में से करीब 75 सिलेंडर खाली पाए गए, जबकि बाकी सिलेंडरों की भी जांच की जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों की बरामदगी के बाद प्रशासन ने इसे गंभीर मामला मानते हुए तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सपा नेता, पत्नी समेत कई लोगों पर मुकदमा
इस मामले में काकोरी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में जिन लोगों के नाम शामिल किए गए हैं उनमें सपा नेता सुरेन्द्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया उनकी पत्नी मंजू कनौजिया, जमील अहमद, साहिल, मुन्ना, इक्त्दा का नाम शामिल है। बताया जा रहा है कि मंजू कनौजिया के नाम पर असीम भारत गैस एजेंसी है, जिससे यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
सपा नेता का दावा – एजेंसी के सिलेंडर हैं
इस मामले में सपा नेता सोनू कनौजिया ने अपनी सफाई भी दी है। उनका कहना है कि बरामद किए गए गैस सिलेंडर कालाबाजारी के लिए नहीं रखे गए थे। उनके अनुसार ये सिलेंडर उनकी पत्नी की गैस एजेंसी के हैं। एजेंसी का गोदाम रिसॉर्ट के पास ही है, लेकिन वहां जाने का रास्ता खराब है। इसी वजह से सिलेंडरों को अस्थायी तौर पर रिसॉर्ट में रखा गया था। हालांकि प्रशासन इस दावे की भी जांच कर रहा है।
प्रशासन का सख्त संदेश
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि गैस की आपूर्ति प्रभावित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी पूरे प्रदेश में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने अन्य जिलों में भी गैस एजेंसियों और गोदामों की जांच तेज कर दी है।