Social Sharing icon

वॉशिंगटन। अमेरिका-ईरान युद्धविराम के अगले ही दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि अगर ईरान ने शर्तें नहीं मानीं तो दोबारा जंग छिड़ सकती है। होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने और परमाणु कार्यक्रम रोकने को लेकर ट्रंप की सख्त चेतावनी ने एक बार फिर हालात को संवेदनशील बना दिया है।

‘समझौता नहीं हुआ तो फिर जंग’

ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिकी सेना, जंगी जहाज, विमान और हथियार ईरान के आसपास तैनात रहेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक कोई ठोस और स्थायी समझौता नहीं होता, तब तक सेना पीछे नहीं हटेगी। ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी कि अगर बातचीत उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई तो “ऐसी फायरिंग होगी, जो दुनिया ने पहले कभी नहीं देखी।”

होर्मुज स्ट्रेट और परमाणु हथियार पर सख्ती

अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि ईरान को हर हाल में होर्मुज जलडमरूमध्य खुला और सुरक्षित रखना होगा। साथ ही परमाणु हथियार बनाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाना होगा। ट्रंप ने कहा कि इन दोनों मुद्दों पर कोई समझौता नहीं होगा, अन्यथा अमेरिकी सेना पूरी ताकत से जवाब देने के लिए तैयार है।

‘ईरान कमजोर, लेकिन खतरा खत्म नहीं’

ट्रंप ने दावा किया कि 39 दिन चले संघर्ष के बाद ईरान कमजोर हो चुका है, लेकिन खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि दुश्मन को पूरी तरह खत्म करने तक अमेरिकी सेना सतर्क और तैयार रहेगी। अमेरिका के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल डैन केन ने भी साफ कर दिया है कि युद्धविराम केवल एक अस्थायी ठहराव है। उन्होंने कहा कि अगर बातचीत विफल रहती है तो अमेरिकी सेना उसी तेजी और सटीकता के साथ फिर से सैन्य अभियान शुरू कर देगी, जैसा पिछले 38 दिनों में किया गया।

39 दिन बाद रुकी जंग, लेकिन खतरा बरकरार

गौरतलब है कि 28 फरवरी से शुरू हुआ अमेरिका-ईरान संघर्ष 8 अप्रैल को दो हफ्ते के युद्धविराम के साथ रुका है। इस दौरान इजरायल ने भी हमले रोकने पर सहमति जताई है। हालांकि यह सीजफायर स्थायी नहीं है और दोनों पक्षों को अंतिम समझौते के लिए सीमित समय दिया गया है। दो हफ्तों के भीतर अगर कूटनीतिक बातचीत सफल रहती है तो स्थायी शांति की दिशा में रास्ता बन सकता है। लेकिन ट्रंप की आक्रामक चेतावनी और सेना की तैनाती ने संकेत दे दिए हैं कि अगर बातचीत पटरी से उतरी, तो मध्य पूर्व में फिर बड़ा सैन्य टकराव हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *