उत्तर प्रदेश। के इटावा में शनिवार शाम एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जहां द्वारिका एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में अचानक धुआं और आग उठने से अफरा-तफरी मच गई। घबराए यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरकर ट्रैक पर भागने लगे, लेकिन इसी दौरान एक दर्दनाक हादसे में असम निवासी यात्री की जान चली गई।
आग की लपटें देख मची भगदड़
घटना भरथना क्षेत्र के साम्हो रेलवे स्टेशन के पास की है। द्वारिका एक्सप्रेस कानपुर की ओर जा रही थी, तभी पेंट्रीकार से अचानक धुआं और आग उठने लगी। आग की लपटें देखते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग बोगियों से कूदकर ट्रैक की ओर भागने लगे।
लोको पायलट ने सूझबूझ से रोकी ट्रेन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी। हालांकि तब तक ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन चुका था और कई यात्री ट्रैक पर उतर चुके थे, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ गया।
दूसरी ट्रेन की चपेट में आया यात्री, मौत
इसी बीच कानपुर से दिल्ली जा रही अजमेर सियालदह एक्सप्रेस दूसरी पटरी से गुजर रही थी। भगदड़ में ट्रैक पर उतरा एक यात्री उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान असम निवासी दिलावर हुसैन (33) के रूप में हुई है।
RPF और रेलवे टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग और धुएं पर काबू पाने के साथ ही स्थिति को नियंत्रित किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ब्रेक बाइंडिंग से उठा था धुआं
भरथना कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह के अनुसार, पेंट्रीकार में आग नहीं बल्कि हैवी ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं उठा था। तकनीकी टीम ने मौके पर ही खराबी को ठीक कर दिया और इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया।