पीलीभीत में सिख युवती के अपहरण और जबरन धर्मांतरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी दिलनवाज़ को गिरफ्तार कर एक कमरे से 22 वर्षीय सिख युवती को सकुशल बरामद किया है। युवती 17 दिसंबर से लापता थी और कई दिनों से नमकीन व बिस्कुट के सहारे जिंदा थी। कमरे का दरवाजा खुलते ही वह नमाज पढ़ती हुई मिली, जिससे पूरा मामला और गंभीर हो गया।
चाबी आरोपी ने दी, कमरे में बंद थी युवती
पुलिस जांच के दौरान फोन रिकॉर्ड खंगाले गए तो दिलनवाज़ का नाम सामने आया। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को कमरे की चाबी दी। लोकेशन पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो अंदर सिख युवती मिली। पूछताछ में सामने आया कि वह लंबे समय से दिलनवाज़ के प्रभाव में थी।
पांच साल से संपर्क, घर में छिपकर निभाती रही मुस्लिम रीति
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सिख युवती पिछले पांच सालों से दिलनवाज़ के संपर्क में थी। इसी दौरान वह उसके कहने पर कुरान पढ़ने लगी और घर में छिप-छिपकर मुस्लिम रीति-रिवाजों का पालन करती रही। एक बार युवती के छोटे भाई ने उसे कमरे में नमाज पढ़ते देखा और मां को बताया, जिससे घर में विवाद भी हुआ। मामला संवेदनशील होने के कारण परिवार चुप रहा।
कोचिंग संचालक है आरोपी, शादीशुदा और दो बेटियों का पिता
आरोपी दिलनवाज़ कस्बे में कक्षा 9 से 12 तक की कोचिंग चलाता है। वह पहले एक बड़े स्कूल में फिजिक्स पढ़ाता था। करीब 12 साल पहले उसका निकाह हो चुका है और उसकी दो बेटियां भी हैं। इसी दौरान सिख युवती उसकी छात्रा थी, तभी से आरोपी ने उसे प्रेमजाल में फंसाया। स्कूल बदलने के बाद भी संपर्क बना रहा।
विदेश ले जाने की साजिश, पासपोर्ट भी साथ ले गई युवती
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्षों से युवती का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहा था। युवती उसके कहने पर मोबाइल में कुरान पढ़ती थी और घर में कमरा बंद कर नमाज अदा करती थी। जांच में यह भी सामने आया कि युवती अपने कपड़े और पासपोर्ट साथ लेकर गई थी। आशंका है कि आरोपी उसे विदेश ले जाने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर दी।
गंभीर धाराओं में मुकदमा, आरोपी जेल
पुलिस ने आरोपी दिलनवाज़ के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और धर्मांतरण जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। युवती के बयान दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारी का बयान
सीओ पूरनपुर डॉ. प्रतीक दहिया ने बताया कि थाना माधोटांडा क्षेत्र से एक युवती के गायब होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है