बरेली में एएनटीएफ की कार्रवाई ने नशा तस्करी के एक चौंकाने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है। सास-दामाद बताए जा रहे दो आरोपियों के पास से 10 किलो अफीम बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। बरेली-बदायूं रोड पर घेराबंदी… और कुछ ही देर में 10 किलो अफीम के साथ दो गिरफ्तार। एएनटीएफ यूनिट की इस कार्रवाई ने एक बड़े नेटवर्क की परतें खोल दीं।
घेराबंदी और गिरफ्तारी
भमोरा थाना क्षेत्र में शिव ब्रिकफील्ड मार्ग पर टीम पहले से सक्रिय थी। जैसे ही संदिग्ध पहुंचे, दबिश देकर पकड़ लिया गया। तलाशी में 10 किलो अफीम, मोबाइल फोन, रेलवे टिकट और नगदी मिली।
सास-दामाद का कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम गिरी और धर्मी देवी के रूप में हुई। दोनों रिश्ते में सास-दामाद बताए जाते हैं। पूछताछ में झारखंड से माल लाकर आगे सप्लाई करने की बात कबूली।
झारखंड से पंजाब तक नेटवर्क
आरोपियों ने बताया कि खेप गांव के एक व्यक्ति को दी जाती थी, जो पंजाब में सप्लाई करता था। पुलिस अब मास्टरमाइंड की तलाश में है।
रेलवे टिकट ने बढ़ाई शंका
मिले टिकट से अंदेशा है कि ट्रेन मार्ग का इस्तेमाल होता था। जांच एजेंसियां इस एंगल पर भी काम कर रही हैं।
एनडीपीएस एक्ट में केस
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज। एएनटीएफ प्रभारी ने कहा—नशे को ट्रांजिट पॉइंट बनाने की हर कोशिश नाकाम की जाएगी।