Social Sharing icon

ग्रेटर नोएडा। कभी बैलगाड़ियों की रफ्तार से चलने वाला जेवर आज जेट स्पीड के दौर में पहुंच चुका है। यमुना एक्सप्रेसवे की नींव और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण ने इस इलाके की किस्मत ही पलट दी है। जहां कभी कच्चे रास्ते और सन्नाटा था, वहीं अब ग्लोबल निवेश, गगनचुंबी इमारतें और उड़ानों की गूंज एक नए भारत की कहानी लिख रही हैं।

बैलगाड़ी से विमान तक… जेवर की बदलती पहचान

15-20 साल पहले तक जेवर का नाम आते ही एक शांत, ग्रामीण और पिछड़े इलाके की तस्वीर उभरती थी, जहां बैलगाड़ियां ही परिवहन का मुख्य साधन थीं। कच्ची सड़कों और सीमित संसाधनों के बीच यहां जीवन धीमी रफ्तार से चलता था। लेकिन समय ने करवट ली और आज वही जेवर हवाई यात्रा के युग में प्रवेश कर चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण ने इस इलाके की पहचान पूरी तरह बदल दी है। अब यहां आधुनिक सड़कें, बड़ी-बड़ी इमारतें और तेजी से बढ़ता शहरीकरण साफ दिखाई देता है।

यमुना एक्सप्रेसवे बना गेमचेंजर… आसान हुई कनेक्टिविटी

जेवर के बदलाव की असली शुरुआत यमुना एक्सप्रेसवे से हुई। इससे पहले यहां पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन एक्सप्रेसवे बनने के बाद दिल्ली, नोएडा और आगरा के बीच दूरी सिमट गई। इस हाई-स्पीड कनेक्टिविटी ने जेवर को निवेशकों की नजर में ला दिया। यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी, जो कभी अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही थी, अब विकास की धुरी बन गई। यही सड़क इस क्षेत्र को गांव से शहर और शहर से ग्लोबल कनेक्टिविटी तक ले गई।

एयरपोर्ट की घोषणा से उछली जमीन… रियल एस्टेट में बूम

नोएडा एयरपोर्ट की घोषणा के साथ ही जेवर की जमीन सोना बन गई। जहां पहले लोग जमीन खरीदने से बचते थे, वहीं अब कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं। बड़े-बड़े बिल्डर्स ने यहां प्रोजेक्ट लॉन्च किए और औद्योगिक व व्यावसायिक गतिविधियां तेजी से बढ़ने लगीं। आज जेवर और आसपास के क्षेत्रों में हाई-एंड टाउनशिप, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और लग्जरी प्रोजेक्ट्स तेजी से विकसित हो रहे हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह क्षेत्र जल्द ही देश के सबसे मजबूत रियल एस्टेट हब के रूप में उभरेगा।

हजारों रोजगार और ग्लोबल पहचान… बदल जाएगी अर्थव्यवस्था

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि आर्थिक क्रांति का आधार बन रहा है। इसके जरिए हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे। पर्यटन, होटल, लॉजिस्टिक्स और सर्विस सेक्टर में भारी निवेश की संभावना है। फॉर्च्यून 500 कंपनियों की एंट्री और विदेशी निवेश इस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रहा है। अपैरल पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स में महिलाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलने की उम्मीद है, जिससे सामाजिक और आर्थिक बदलाव भी तेज होगा।

सरकार और अथॉरिटी की बड़ी हिस्सेदारी… भविष्य की मजबूत नींव

इस मेगा प्रोजेक्ट में नोएडा अथॉरिटी और उत्तर प्रदेश सरकार की 37.5-37.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी की 12.5-12.5 प्रतिशत भागीदारी है। नोएडा अथॉरिटी ने अकेले करीब 500 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किए हैं। यह निवेश आने वाले समय में बड़े राजस्व में बदलने वाला है, जो शहर के विकास और सुविधाओं को और बेहतर बनाएगा।

एविएशन हब की ओर बढ़ता जेवर… यूपी की नई उड़ान

प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन के साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े एविएशन हब बनने की दिशा में कदम बढ़ाएगा। यात्री संख्या और कार्गो ट्रैफिक बढ़ने के साथ यह क्षेत्र आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बन जाएगा। वेयरहाउसिंग, डेटा सेंटर और इंडस्ट्रियल पार्कों के विकास से जेवर अब सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की नई आर्थिक राजधानी बनने की ओर बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *