महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक थाने में की गई मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना, यूपी के सभी 75 जनपदों में संचालित हो रहे 94 वन स्टॉप सेंटर
लखनऊ: योगी सरकार महिला सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। योगी सरकार की कार्यप्रणाली से महिला संबंधी अपराधों में वृहद कमी भी दर्ज की गई है। एनसीआरबी द्वारा आईटीएसएसओ पोर्टल का संचालन किया जाता है। इसके मुताबिक महिला संबंधी अपराध में उत्तर प्रदेश में निर्णायक कमी दर्ज की गई है। एनसीआरबी की रिपोर्ट की बात करें तो महिला व बच्चों के खिलाफ अपराध के निस्तारण में यूपी शीर्ष पर है। महिला सुरक्षा के लिए यूपी पुलिस में पहली बार कार्यों का विभाजन हुआ है। आईजी/डीआईजी को चेंज एजेंट के रूप में उत्तरदायी बनाया गया है। वहीं यूपी के सभी 75 जनपदों में 94 वन स्टॉप सेंटर संचालित हो रहे हैं। मिशन शक्ति के रूप में योगी सरकार ने महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। योगी सरकार में पुलिस की सक्रियता से आरोपियों की गिरफ्तारी हो रही है और तेज चार्जशीट से महिला सुरक्षा मजबूत हुई। योगी सरकार की बदौलत कामकाजी महिलाएं फ्रंटफुट पर हैं, जबकि निरंतर हो रही कार्रवाई से गुंडे बैकफुट पर। सरकार की सख्त कार्रवाई से गंभीर अपराधों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
महिला अपराध में दर्ज की गई कमी
मिशन शक्ति केंद्र स्थापित होने के बाद से महिला अपराधों में काफी कमी आई। बलात्कार के मामलों में 33.92 प्रतिशत, महिलाओं व बच्चों के अपहरण में 17.03 प्रतिशत, दहेज हत्या में 12.96 प्रतिशत तथा घरेलू हिंसा में 9.54 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं 2017 से दिसंबर 2025 तक अभियोजन विभाग द्वारा महिला संबंधी अपराधों में हुई कार्यवाही से अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दिखी। महिला व नाबालिगों के विरुद्ध हुए अपराधों में 32,575 मामलों में सजा सुनाई गई। 25 मार्च 2022 से 25 दिसंबर 2025 तक अभियोजन विभाग द्वारा भी अनेक कार्रवाई हुई। महिला व पाक्सो अपराध में न्यायालय द्वारा कुल 28,184 अभियुक्तों को सजा सुनाई गई।
ऑनलाइन फैमिली काउंसिलिंग से पारिवारिक विवाद में आई कमी
पारिवारिक विवाद के प्रकरणों में 1090 द्वारा ऑनलाइन फैमिली काउंसिलिंग की सेवा 17 अक्टूबर 2020 से प्रारंभ की गई। पहली जनवरी 2025 से 28 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन फैमिली काउंसिलिंग की पंजीकृत 8,114 शिकायतों में से 7,830 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। इसकी निस्तारण दर 96.50 प्रतिशत रही, शेष शिकायतें निर्धारित समयावधि के अन्तर्गत निस्तारण की प्रक्रिया में हैं।
ITSSO पोर्टल का प्रभावी अनुश्रवणः निस्तारण दर में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर
भारत सरकार द्वारा बलात्कार व पाक्सो के अपराधों के अभियोगों के समयबद्ध अनुश्रवण के लिए 21 अप्रैल 2018 से ITSSO (Investigation Tracking System for Sexual Offences) पोर्टल प्रचलित है। राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा संचालित इस पोर्टल पर देश के सभी राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में दर्ज बलात्कार व पाक्सो के अभियोगों की प्रगति का प्रदेशों की तुलनात्मक स्थिति के आधार पर आंकलन किया जाता है। प्रभावी अनुश्रवण के फलस्वरूप निस्तारण दर 98.90 प्रतिशत के साथ वर्तमान में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। पेंडेंसी रेट के आधार पर वर्तमान समय में 0.20 प्रतिशत के साथ प्रदेश का देश में प्रथम स्थान है।
साढ़े आठ वर्षों में वन स्टॉप सेंटर बना 2.39 लाख महिलाओं का सहारा, 75 जिलों में संचालित हो रहे 94 वन स्टॉप सेंटर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के सपनों को नई ऊंचाई दे रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश में 94 वन स्टॉप सेंटर संचालित किये जा रहे हैं, जहां पिछले साढ़े आठ वर्ष में 2.39 लाख महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के साथ आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाया गया। सेंटर में इन महिलाओं को न केवल न्याय दिलाया जा रहा है, बल्कि उनकी ट्रामा काउंसिलिंग भी करायी जा रही है। उन्हें विभिन्न कोर्स की ट्रेनिंग भी दी जाती है। इन्हें कौशल विकास मिशन से जोड़ा जा रहा है।
कौशल विकास मिशन के तहत महिलाओं और बेटियों को होटल मैनेजमेंट, मोबाइल रिपेयरिंग, ब्यूटी पार्लर, सिलाई कढ़ाई समेत विभिन्न प्रकार के कोर्सेज की ट्रेनिंग दी गयी है। वर्तमान में ट्रेनिंग पूरी कर महिलाएं प्रति माह 15 से 20 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। लक्मे सैलून, स्टारबक्स और फाइव स्टार होटल्स द्वारा भी ट्रेनिंग दी जा रही है। इसी का नतीजा है कि कई महिलाएं और बेटियां फाइव स्टार होटल्स, स्टारबक्स काफी हाउस, लक्मे सैलून में अपनी सेवाएं दे रही हैं। वर्तमान में लखनऊ में एक बेटी फाइव स्टार होटल में सुपरवाइजर की सेवा दे रही है। वन स्टॉप सेंटर में बेटियों और महिलाओं को अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसी का नतीजा है कि
लखनऊ की एक बेटी ने बिहार में पीसीएस-जे की परीक्षा में सफलता प्राप्त की। एक बेटी में हाल ही में आयुष विभाग के होम्योपैथिक विंग में मेडिकल ऑफिसर पद पर ज्वाइन किया है। लखनऊ के वन स्टॉप सेंटर को पूरे देश में अच्छे कार्य के लिए राष्ट्रपति द्वारा 2019 में नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं पिछले वर्ष 8 मार्च को राज्यपाल द्वारा लखनऊ के वन स्टॉप सेंटर का सम्मानित किया गया।