Social Sharing icon

बरेली। राजधानी दिल्ली में आयोजित कुरैश कॉन्फ्रेंस की राष्ट्रीय कोर कमेटी की बैठक में बरेली के नदीम कुरैशी को खास सम्मान से नवाजा गया। नदीम कुरैशी, जो ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रदेश महासचिव और कुरैश कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय महासचिव हैं, को उनके सामाजिक कार्यों और बिरादरी के लिए सक्रिय भूमिका के लिए सराहा गया।

शनिवार को कनॉट प्लेस में आयोजित इस अहम बैठक में देश के अलग-अलग राज्यों से कुरैश बिरादरी के प्रतिनिधि पहुंचे। बैठक की अध्यक्षता सनोबर अली कुरैशी ने की, जो सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और कुरैश कॉन्फ्रेंस के कौमी सदर हैं। बैठक का माहौल गंभीर लेकिन जोशीला रहा। बिरादरी के सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।

दिल्ली में बनेगा कुरैश भवन, कोर कमेटी ने दी हरी झंडी

बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा दिल्ली में कुरैश भवन के निर्माण का प्रस्ताव रहा। यह भवन खास तौर पर उन लोगों के लिए होगा जो देशभर से इलाज कराने राजधानी आते हैं और ठहरने में दिक्कत झेलते हैं। सनोबर अली कुरैशी द्वारा रखे गए इस प्रस्ताव का कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से समर्थन किया और जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। इसे बिरादरी के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

युवाओं को राजनीति और शिक्षा में आगे आने का आह्वान

सम्मान प्राप्त करने के बाद नदीम कुरैशी ने कहा कि कुरैशी समाज देश का एक बड़ा तबका है, जिसे अक्सर नजरअंदाज किया जाता रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और बिरादरी के सम्मान व तरक्की के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देना आज की सबसे बड़ी जरूरत है, ताकि वे न सिर्फ अपनी बिरादरी बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर सकें।

सम्मान से गदगद दिखे नदीम, टीम ने की सराहना

सम्मान समारोह के दौरान सनोबर अली कुरैशी और उनकी टीम ने नदीम कुरैशी के सामाजिक योगदान की खुलकर प्रशंसा की। बिरादरी के विकास, संगठन की मजबूती और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया गया। दिल्ली की इस बैठक ने साफ संकेत दे दिए हैं कि आने वाले समय में कुरैश कॉन्फ्रेंस सामाजिक और संगठनात्मक स्तर पर बड़े कदम उठाने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *