वाराणसी। शहर की कचहरी में शुक्रवार सुबह अचानक अफरातफरी में बदल गई जब जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला। मेल में दोपहर एक बजे वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आया और पूरे परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया।
ईमेल से मचा हड़कंप, वकीलों से परिसर खाली करने की अपील
बताया गया कि सेंट्रल बार की ओर से वकीलों को सूचना जारी कर तुरंत कचहरी परिसर खाली करने और पुलिस जांच में सहयोग करने की अपील की गई। कुछ ही देर में अधिवक्ता, कर्मचारी बाहर निकल आए। कोर्ट परिसर के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर दी गई।
18 शहरों की कचहरी उड़ाने की धमकी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ईमेल भेजने वाले ने वाराणसी समेत 18 अन्य शहरों की कचहरी को भी निशाना बनाने की धमकी दी है। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार मेल तमिलनाडु के “सुनिया डासन” नामक स्थान से भेजा गया बताया जा रहा है। ईमेल करने वाले व्यक्ति ने लिखा है कि वह तमिलनाडु की सरकार से नाराज है।
बम निरोधक दस्ता और एटीएस की टीमें जुटीं
कमिश्नरेट पुलिस को सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और एटीएस की टीमें मौके पर पहुंचीं। परिसर के भीतर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई थी,
2007 की घटना की याद ताजा
गौरतलब है कि नवंबर 2007 में वाराणसी कचहरी परिसर में बम ब्लास्ट हुआ था, जिसमें कई लोग हताहत हुए थे। ऐसे में ताजा धमकी ने पुरानी घटना की याद ताजा कर दी है