बरेली। रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हरुनागला और शेर अली गौंटिया स्थित स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ ने मेले में आने वाले मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और पंजीकरण व्यवस्था की जांच की। उन्होंने मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी ली और कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और बेहतर इलाज मिलना चाहिए।
डॉ. अंसारी ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का उद्देश्य आम लोगों को निःशुल्क और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी कमियां भी सामने आईं, जिन्हें तुरंत सुधारने के निर्देश दिए गए। डिप्टी सीएमओ ने कहा कि सभी कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाएं ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।