Social Sharing icon

बरेली। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई करते हुए कोहाड़ापीर इलाके में बुलडोजर चला दिया। पेट्रोल पंप के सामने बनी अवैध दुकानों को दो बुलडोजरों की मदद से जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास खलबली मच गई।

निशान मिटाने वालों पर पहले चला बुलडोजर

नगर निगम ने जिन दुकानों को पहले ही चिन्हित कर लाल निशान लगाए थे, उनमें से कुछ दुकानदारों ने निशान मिटा दिए थे। इसे गंभीरता से लेते हुए निगम ने सबसे पहले इन्हीं दुकानों को निशाना बनाया। अधिकारियों ने साफ कहा कि सरकारी चिन्ह से छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम ग्रीन रोड योजना के तहत अभियान तेज

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के दूसरे चरण के तहत की जा रही है। कोहाड़ापीर से कुदेशिया मार्ग और धर्मकांटा से कोहाड़ापीर तक सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब 50 से 55 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। मंगलवार को मजार के पास अवैध दुकानों को गिराकर अभियान की शुरुआत कर दी गई।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम की निगरानी में ध्वस्तीकरण शांतिपूर्ण तरीके से कराया गया।

ट्रैफिक सुधार के लिए हटाया जा रहा अतिक्रमण

नगर निगम के एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ी की जाएगी, जिससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और जाम से राहत मिलेगी। निगम ने चेतावनी दी है कि आगे भी अभियान जारी रहेगा और अतिक्रमण या सरकारी निशान से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *