Social Sharing icon

बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के ऑरा-2026 कार्यक्रम में आयोजित डीजे नाइट के दौरान मामूली धक्का लगने से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। रात में मारपीट के बाद बाइक तोड़फोड़ की गई और अगले दिन फिर छात्रों के बीच भिड़ंत हो गई। मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए तीन छात्रों को निलंबित कर दिया है।

डीजे नाइट में थप्पड़ से भड़का विवाद

अटल सभागार में पहली बार आयोजित डीजे नाइट में डांस के दौरान इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन तृतीय वर्ष के छात्र राजशेखर शुक्ला का मैकेनिकल के छात्र वैभव सिंह से धक्का लग गया। इसी बात पर वैभव ने राजशेखर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद राजशेखर के साथियों आलोक गोस्वामी, अतुल, राहुल, सुमित और मुकेश ने वैभव की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

रात में बाइक तोड़ी, सुबह फिर हमला

घटना से नाराज वैभव और उसके साथी वेदांत, गणेश और मंगल सिंह ने देर रात बीडीए हॉस्टल पहुंचकर राजशेखर की बाइक में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद अगले दिन सुबह हॉस्टल मेस में अकेले मिले सुमित कुमार को घेरकर पीटा गया, जिससे उसे चोटें आईं और आंख के नीचे खून निकल आया।

प्रशासन सख्त, तीन छात्रों पर गिरी गाज

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राजशेखर, वैभव और मंगल सिंह पहले भी आपसी विवाद में शामिल रहे हैं। मामले को गंभीर मानते हुए चीफ प्रॉक्टर प्रो. रवेंद्र सिंह ने तीनों छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विश्वविद्यालय में प्रवेश पर रोक लगा दी है। साथ ही उन्हें 20 अप्रैल को अभिभावकों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

पांच सदस्यीय कमेटी करेगी जांच

पूरे प्रकरण की जांच के लिए प्रो. राकेश कुमार मौर्य, प्रो. मदन लाल, डॉ. हरि कुमार सिंह, डॉ. अख्तर हुसैन और डॉ. विशाल सक्सेना की पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

25 हजार के नुकसान का दावा, संरक्षण के आरोप

बाइक तोड़फोड़ से नाराज राजशेखर पक्ष ने करीब 25 हजार रुपये के नुकसान का दावा करते हुए भरपाई की मांग की है। वहीं आरोप लगाया गया है कि दूसरे पक्ष से जुड़े एक विभागाध्यक्ष छात्रों को संरक्षण दे रहे हैं और नुकसान की भरपाई से इंकार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *