बरेली। रमज़ान के आखिरी जुमे यानी अलविदा की नमाज़ को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी करते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नमाज़ को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
एसपी सिटी ने संभाली कमान
अलविदा की नमाज़ को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नमाज़ सड़कों पर अदा नहीं होने दी जाएगी। साथ ही किसी भी तरह की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में कोतवाली क्षेत्र से फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम, कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेंद्र चंद्र गौतम समेत कई थानों की पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स मौजूद रही। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा और लोगों से शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
प्रमुख मस्जिदों पर कड़ी निगरानी
अलविदा की नमाज़ को देखते हुए शहर की प्रमुख मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किला स्थित जामा मस्जिद, नौमहला मस्जिद, खलील चौराहा स्थित आला हज़रत मस्जिद और दरगाह आला हज़रत समेत कई स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नमाज़ के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।
नगर निगम ने भी बढ़ाई तैयारियां
नगर निगम ने भी अलविदा की नमाज़ को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। मस्जिदों के आसपास के इलाकों में साफ-सफाई कराई गई है और चूना छिड़काव कराया गया है। नमाज़ियों की सुविधा के लिए पानी के टैंकर भी लगाए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि अलविदा की नमाज़ को लेकर सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।