पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की माला रेंज में गश्त कर रही वन विभाग की टीम पर कथित लकड़ी तस्करों और ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा समेत पांच लोग घायल हो गए। हमलावरों ने वन विभाग की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में 14 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
लकड़ी से भरा डनलप देख टीम ने रोका
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार देर रात टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान जंगल से सटे इलाके में एक डनलप में लकड़ी भरकर ले जाते कुछ लोग दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ करने और पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों से कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद मारपीट
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने वनकर्मियों पर हमला कर दिया। मारपीट में बनकटी चौकी इंचार्ज वन दरोगा सुमित कुमार और टाइगर ट्रेकर धर्मेंद्र के सिर व हाथ में चोटें आईं। इसके अलावा वन विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी चोटें लगी हैं। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
वन विभाग की गाड़ी भी तोड़ी
हमले के दौरान आरोपियों ने वन विभाग की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों में भी नाराजगी है। वन दरोगा सुमित कुमार की तहरीर पर थाना न्यूरिया में नितिन, बंटी, लाला राम राजपूत और प्रेम समेत 14 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो ग्रामीण भी घायल
घटना के दौरान गांव मरौरी निवासी अशोक कुमार और ओम प्रकाश भी घायल हुए हैं। उनका कहना है कि वे खेत पर जानवरों की रखवाली कर रहे थे। विवाद के दौरान उन्हें चोटें आईं। हालांकि वन विभाग की तहरीर में उनके नाम शामिल नहीं किए गए हैं। थानाध्यक्ष सुभाष मावी ने बताया कि वन विभाग की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।