Social Sharing icon

बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। काले रंग की एक वरना कार ने धर्म कांटा चौराहे से लेकर महादेव पुल तक सड़क पर चल रहे कई लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 10:30 बजे सिविल लाइंस निवासी चिन्मय कुमार तलवार, पुत्र आशू तलवार, वरना कार (नंबर UP-25 DE-6001) को तेज रफ्तार में चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक नशे की हालत में था। रास्ते में उसने पैदल जा रहे लोगों और एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी। इसके बाद वह कार को और तेज गति से दौड़ाते हुए महादेव पुल की ओर बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार और चालक की हरकतों से नाराज होकर किसी व्यक्ति ने कार के शीशे पर डंडा भी मार दिया। इसी दौरान महादेव पुल पर चढ़ते समय कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची प्रेमनगर थाना पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घायलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *