बरेली। डेलापीर गल्ला मंडी में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने एक गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया जिससे वहां रखा खाली बारदाना जलकर खाक हो गया। गोदाम से उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित डेलापीर गल्ला मंडी में मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे अंकुर माहेश्वरी के गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में खाली बारदाना रखा हुआ था। आग लगते ही गोदाम से तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, आग लगने की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना पीआरवी के माध्यम से इज्जतनगर थाना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। गोदाम में रखे खाली बारदाने में आग लगने से काफी सामान जल गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।
इज्जतनगर इंस्पेक्टर ने बताया आग से नहीं हुई जनहानि
इज्जतनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि डेलापीर गल्ला मंडी में अंकुर माहेश्वरी के गोदाम में खाली बारदाना रखा हुआ था। जिसमें अज्ञात कारणों से आग लग गई, सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फायर सर्विस की टीम आग बुझाने में जुटी है, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। फिलहाल आग लगने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, गोदाम में हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।