google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyगोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस की नई समय-सारिणी 1 नवंबर से लागू होगी

बरेली। गोरखपुर से इज्जतनगर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस के संचालन समय में बदलाव किया है। ट्रेन की नई समय-सारिणी 1 नवंबर 2026 से लागू होगी। इसके बाद ट्रेन गोरखपुर से रात 9 बजे रवाना होगी, जबकि इज्जतनगर से वापसी के लिए शाम 5 बजे चलेगी। पीलीभीत, पूरनपुर और भोजीपुरा से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी नए समय के हिसाब से अपना सफर तय करना होगा।

गोरखपुर से रात 9 बजे खुलेगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 15009 गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस नई समय-सारिणी के अनुसार प्रतिदिन रात 9 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। ट्रेन मानीराम पर रात 9:20 बजे, पीपीगंज पर 9:35 बजे, आनंद नगर पर रात 10:05 बजे और सिद्धार्थनगर पर रात 10:46 बजे पहुंचेगी। इसके बाद बढ़नी, तुलसीपुर, बलरामपुर और गोंडा होते हुए ट्रेन लखनऊ के विभिन्न स्टेशनों से गुजरेगी।

सुबह 10:43 बजे पहुंचेगी पीलीभीत

ट्रेन अगले दिन सुबह 6:31 बजे सीतापुर, 7:20 बजे लखीमपुर, 7:48 बजे गोला गोकर्णनाथ और 8:45 बजे मैलानी पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 9:43 बजे पूरनपुर, 10:43 बजे पीलीभीत और 11:17 बजे भोजीपुरा पहुंचेगी। ट्रेन का इज्जतनगर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 11:35 बजे होगा। इस बदलाव के बाद यात्रियों को खास तौर पर पीलीभीत और भोजीपुरा स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने और रवाना होने का नया समय ध्यान में रखना होगा।

इज्जतनगर से शाम 5 बजे होगी रवाना

वापसी में ट्रेन संख्या 15010 इज्जतनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस प्रतिदिन शाम 5 बजे इज्जतनगर से रवाना होगी। ट्रेन शाम 5:20 बजे भोजीपुरा और 6:05 बजे पीलीभीत पहुंचेगी। इसके बाद शाम 7:22 बजे पूरनपुर और रात 8:10 बजे मैलानी पहुंचेगी। ट्रेन गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर और सीतापुर होते हुए लखनऊ की ओर बढ़ेगी।

अगले दिन सुबह 7 बजे पहुंचेगी गोरखपुर

वापसी यात्रा में ट्रेन अगले दिन रात 1:02 बजे बाराबंकी, 2:30 बजे गोंडा और 3:14 बजे बलरामपुर पहुंचेगी। इसके बाद तुलसीपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर और आनंद नगर होते हुए सुबह 6:40 बजे मानीराम पहुंचेगी। ट्रेन के गोरखपुर पहुंचने का समय सुबह 7 बजे निर्धारित किया गया है।

1 नवंबर से लागू होगी नई समय-सारिणी

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के मुताबिक, परिचालन संबंधी सुविधा के लिए ट्रेन के संचालन समय में बदलाव किया गया है। नई समय-सारिणी 1 नवंबर 2026 से लागू होगी। यात्रियों को सलाह है कि सफर शुरू करने से पहले संबंधित स्टेशन पर ट्रेन के संशोधित समय की जानकारी जरूर कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *