google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSनिरीक्षण करते डीएम अविनाश सिंह।

बरेली। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची में नए और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए शनिवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 24 अक्टूबर को भी विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद पहली बार मतदाता बनने वाले और सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों के लिए आयोजित अभियान के तहत जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बरेली कैंट विधानसभा क्षेत्र के बरेली इंटर कॉलेज और मौलाना आजाद इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्या भारती विद्यालय, नकटिया और फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड फरीदपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय रजऊ के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कोई भी पात्र नागरिक वोट बनवाने से न छूटे

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मौजूद बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। डीएम ने बीएलओ को पूरी पारदर्शिता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिन पात्र नागरिकों के नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, उन्हें जागरूक कर आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।

मतदान केंद्रों पर साफ-सफाई और सुविधाओं पर जोर

जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर स्वच्छता, सुगम आवागमन और मतदाताओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्य व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न होने चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराना है।

24 अक्टूबर को फिर चलेगा विशेष अभियान

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि आगामी 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर दोबारा विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। डीएम ने नागरिकों से अपील की कि जिन पात्र व्यक्तियों के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे विशेष अभियान का लाभ उठाएं और संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *