google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyअधिकारियों के साथ बैठक करते कमिश्नर शंभू कुमार।

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में बरेली में आवासीय सुविधाओं के विस्तार से लेकर विज्ञान शिक्षा और हरित सार्वजनिक स्थलों के विकास तक की योजनाओं को गति मिलने जा रही है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की 96वीं बोर्ड बैठक में सप्तनाथ ईको सिटी,विज्ञान पार्क व नक्षत्रशाला,ग्रेटर बरेली कैनाल फ्रंट और ओमैक्स इंटीग्रेटेड टाउनशिप से जुड़े प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक कमिश्नर शंभू कुमार की अध्यक्षता में हुई।

शुक्रवार को कमिश्नर सभागार में आयोजित बीडीए की बोर्ड बैठक में तमाम परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने किया। उन्होंने बताया कि पीलीभीत बाईपास क्षेत्र में लगभग 267.14 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित सप्तनाथ ईको सिटी को बरेली के सुनियोजित विस्तार की प्रमुख परियोजना के रूप में तैयार किया जाएगा। योजना में 11 सेक्टरों के अंतर्गत 4,726 आवासीय भूखंड विकसित करने की परिकल्पना है। इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग,व्यावसायिक क्षेत्र,पार्क,हरित पट्टियां और सार्वजनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। योजना में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के परिवारों के लिए आवासीय सुविधाओं का भी प्रावधान प्रस्तावित है। सड़क,जलापूर्ति,सीवरेज और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ नाथ नगरी की सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए थीम आधारित हरित क्षेत्र और ब्लू-ग्रीन कॉरिडोर विकसित करने की योजना है।

विज्ञान पार्क में ब्रह्मांड को करीब से जानेंगे विद्यार्थी

रामगंगा नगर के सेक्टर-8 में विज्ञान पार्क एवं नक्षत्रशाला विकसित करने का प्रस्ताव है। यहां लगभग 12 मीटर व्यास का डिजिटल प्लैनेटेरियम डोम बनाया जाएगा,जिसमें ग्रहों,तारामंडल,आकाशगंगाओं और ब्रह्मांड की विभिन्न घटनाओं का दृश्य प्रदर्शन किया जा सकेगा। विज्ञान पार्क में छह विषयगत दीर्घाएं प्रस्तावित हैं। इनके माध्यम से अंतरिक्ष,भू-विज्ञान,जीवन के विकास,भारतीय वैज्ञानिक परंपरा,जलवायु और पर्यावरण जैसे विषयों को रोचक एवं संवादात्मक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों और युवाओं को विज्ञान को समझने का नया अवसर मिलेगा।

कैनाल फ्रंट पर बनेंगे पार्क और वॉकिंग ट्रैक

ग्रेटर बरेली में नहर के दोनों ओर हरित पट्टियां,पार्क और आकर्षक लैंडस्केपिंग विकसित करने की योजना है। यहां पैदल भ्रमण पथ,बैठने की व्यवस्था,पौधरोपण और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसका उद्देश्य नहर के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ,सुंदर और नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है।

ओमैक्स टाउनशिप में आवासीय और व्यावसायिक सुविधाएं

लालपुर और अढलखिया क्षेत्र में प्रस्तावित ओमैक्स इंटीग्रेटेड टाउनशिप में आवासीय,व्यावसायिक,सार्वजनिक और अर्द्ध-सार्वजनिक सुविधाओं के साथ हरित क्षेत्र और जरूरी बुनियादी ढांचे का समन्वित विकास किया जाएगा। बीडीए की इन परियोजनाओं का उद्देश्य बरेली में सुनियोजित शहरी विस्तार,आवासीय सुविधाओं की उपलब्धता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं को बढ़ावा देना है। हालांकि,परियोजनाओं के धरातल पर उतरने की समयसीमा और निर्माण की प्रगति आगे की कार्ययोजना पर निर्भर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *