बरेली। नवरात्रि, दशहरा, करवा चौथ, धनतेरस और दीपावली को लेकर बरेली में पुलिस अलर्ट हो गई है। शुक्रवार शाम एडीजी, डीआईजी और एसएसपी समेत पुलिस के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ सड़कों पर उतर आए। बिहारीपुर चौकी से शुरू हुए पैदल मार्च में एक दर्जन थानों की पुलिस, पीएसी और महिला पुलिसकर्मी शामिल रहीं। संवेदनशील इलाकों और प्रमुख बाजारों में गश्त कर अधिकारियों ने व्यापारियों और राहगीरों से बातचीत की और त्योहारों के दौरान सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पैदल गश्त की शुरुआत संवेदनशील बिहारीपुर पुलिस चौकी से हुई। एडीजी जोन रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी चिराग जैन और सीओ सिटी आशुतोष शिवम समेत कई पुलिस अधिकारी मार्च में शामिल हुए। पुलिस बल के साथ पीएसी और महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहीं। फ्लैग मार्च बिहारीपुर ढाल से घंटाघर, कुतुबखाना, जिला अस्पताल रोड और नावेल्टी चौराहे तक निकाला गया। इसके बाद पुलिस अधिकारी और जवान वापस बिहारीपुर चौकी पहुंचे। इस दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
दुकानदारों से बातचीत, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और आम लोगों से बातचीत की। उन्हें त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया।
बरेली जोन के सभी 9 जिलों में चलेगा अभियान
एडीजी जोन रमित शर्मा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बाजारों, प्रमुख मंदिरों और रामलीला स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। आगामी त्योहारों को देखते हुए बरेली जोन के सभी नौ जिलों में पैदल गश्त और विजिबल पुलिसिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना है।
शाम होते ही बाजारों में तैनात होगी पुलिस
एडीजी ने बताया कि पैदल गश्त के साथ मोबाइल पुलिस टीमें भी वाहनों से पेट्रोलिंग कर रही हैं। शाम होते ही राजपत्रित अधिकारी और थानों की पुलिस बाजारों व संवेदनशील इलाकों में सक्रिय हो रही है। बाजारों, प्रमुख चौराहों और मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।