google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSबदायूं हादसे में तीन युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम, रो-रोकर बुरा हाल।

बदायूं। जिले के बिसौली क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चचेरे-तहेरे तीन भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मदनजुड़ी गांव के पास उस समय हुआ, जब एक ही बाइक पर सवार चार युवक बिसौली कस्बे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूल वैन से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

दवा लेने जा रहे थे चारों युवक

जानकारी के अनुसार, बिसौली क्षेत्र के हत्सा गांव निवासी निखिल उर्फ नितिन (19), रोहन (20), ऋषभ (18) और शिवा (18) सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे एक ही बाइक पर सवार होकर बिसौली कस्बे जा रहे थे। चारों युवक शिवा को दवा दिलाने के लिए घर से निकले थे। बाइक रोहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि रोहन ने करीब दो महीने पहले ही नई बाइक खरीदी थी। मदनजुड़ी गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक की स्कूल वैन से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में निखिल, रोहन और ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शिवा को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

अग्निवीर में हुआ था घायल शिवा का चयन

हादसे में गंभीर रूप से घायल शिवा का हाल ही में अग्निवीर योजना के तहत चयन हुआ था। उसके चयन से परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन सोमवार को हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शिवा की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तीन युवकों की मौत से गांव में पसरा मातम

एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की खबर जैसे ही हत्सा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। निखिल, रोहन और ऋषभ आपस में चचेरे-तहेरे भाई थे। एक साथ तीन भाइयों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।

एक बाइक पर सवार थे चार युवक, किसी ने नहीं पहना था हेलमेट

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। स्कूल वैन और बाइक की टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *