खुशलोक हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री अरुण सक्सेना और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल रहे मौजूद
बरेली। खुशलोक हॉस्पिटल के सभागार में रविवार को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। पुस्तक की संपादिकाएं डॉ. लक्षलता प्रजापति और सौम्या यादव हैं।
बार-बार चुनाव से होने वाले खर्च पर चर्चा
डॉ. अरुण सक्सेना ने एक देश, एक चुनाव की अवधारणा पर विचार रखते हुए इसे देश की प्रमुख आवश्यकताओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी खजाने पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिसका आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव हो सकता है।
विधायक ने गिनाए संभावित फायदे
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि एक साथ चुनाव कराने की व्यवस्था भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने में सहायक हो सकती है। उन्होंने नीतिगत निरंतरता, मतदाताओं की सुविधा, सरकारी कर्मचारियों को राहत, विकास कार्यों में कम व्यवधान और चुनावी खर्च में कमी जैसे संभावित लाभों का उल्लेख किया।
सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं पर विमर्श
पुस्तक की संपादिका डॉ. लक्षलता प्रजापति ने एक देश, एक चुनाव के संभावित सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों पर विचार रखे। उन्होंने निर्वाचन आयोग के अधिकारों, चुनावी परिसीमन, क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की भूमिका और चुनावी हिंसा जैसे विषयों पर भी चर्चा क
कवि रोहित राकेश ने किया मंच संचालन
कार्यक्रम में आयुर्वेद सलाहकार समिति के अध्यक्ष मनोज थपलियाल, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया, फतेहगंज पश्चिमी के ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र यादव और खुशलोक हॉस्पिटल के डॉ. विनोद पागरानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सीएल प्रजापति, शिशुपाल कठेरिया, अमरीश कठेरिया, योगेश कुमार, सीमा कठेरिया, केएम प्रजापति, विनोद वर्मा, चंद्रसेन, मुनीश, डीएन मिश्रा, एसडी शर्मा, धर्मवीर, प्रतीक और बुशरा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। मंच संचालन कवि रोहित राकेश ने किया। अंत में डॉ. गुरुदेव सिंह ने अतिथियों का आभार जताया।