बरेली। कैंट क्षेत्र में महिलाओं और लड़कियों को देखकर अश्लील गाने गाने और अभद्र हरकतें करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा है। दोनों विशप स्कूल के सामने सेंट स्टीफंस चर्च के पास आने-जाने वाली महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। कैंट थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस को देखकर भागने लगे युवक
पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को कैंट थाने के दरोगा राजीव पटेल पुलिस टीम के साथ रिसाला चौकी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मिशन शक्ति टीम की प्रभारी दरोगा भारती रानी भी महिला जागरूकता अभियान के तहत पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में मौजूद थीं। पुलिस टीम जब विशप स्कूल के सामने सेंट स्टीफंस चर्च के पास पहुंची तो दो युवक महिलाओं और लड़कियों को देखकर अश्लील गाने गाते और अभद्र हरकतें करते मिले।
फूल बाग की तरफ भागने लगे, पुलिस ने पकड़ा
पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों की हरकतों से वहां से गुजरने वाली महिलाएं और लड़कियां असहज थीं। पुलिसकर्मियों को देखकर दोनों युवक फूल बाग की तरफ तेजी से जाने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें फूल बाग से करीब 100 कदम की दूरी पर पकड़ लिया।
कैंट के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पकड़े गए युवकों की पहचान गुरविंदर सिंह (22) पुत्र पवन सिंह निवासी लालफाटक के सामने श्रीपाल लस्सी वाली जगह और देव सिंह (18) पुत्र ओमेश कुमार निवासी कांधरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली, लेकिन पहने हुए कपड़ों के अलावा कोई अन्य वस्तु बरामद नहीं हुई।
स्कूल के बच्चों को भी परेशान करने की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों युवक विशप स्कूल के बच्चों को भी परेशान करते हैं। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन की ओर से पहले भी थाने में शिकायत की गई थी और सुरक्षा के लिए पुलिस बल की मांग की गई थी। दरोगा राजीव पटेल की तहरीर पर कैंट थाने में दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।