बरेली। नई दिल्ली से मालदा टाउन जा रही ट्रेन में सफर के दौरान एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया। प्रसव पीड़ा की सूचना मिलने पर बरेली जंक्शन पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के जंक्शन पहुंचने पर टीम ने संबंधित कोच में जाकर महिला और नवजात की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद दोनों को परिजनों के साथ जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। मां और बच्ची दोनों स्वस्थ बताई गई हैं।
तड़के मिली प्रसव पीड़ा की सूचना
आरपीएफ पोस्ट बरेली जंक्शन को शुक्रवार तड़के करीब 1:25 बजे सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 14004 में यात्रा कर रही गर्भवती महिला की तबीयत खराब है और उसे प्रसव पीड़ा हो रही है। महिला एस-6 कोच में अपने पति और सास के साथ सफर कर रही थी। परिवार की सीट संख्या 73, 74 और 75 थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मयंक चौधरी ने टीम को महिला की सहायता के निर्देश दिए।
ट्रेन पहुंचते ही कोच में पहुंची टीम
ट्रेन रात करीब 1:41 बजे बरेली जंक्शन पहुंची। आरपीएफ की टीम तत्काल एस-6 कोच में पहुंची और महिला के परिजनों से बातचीत कर स्थिति जानी। महिला के पति चंदन कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी और मां के साथ नई दिल्ली से मालदा टाउन जा रहे थे। रास्ते में पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई और यात्रा के दौरान ही उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया।
प्रसूता और नवजात को उतारकर अस्पताल भेजा
बच्ची के जन्म के बाद प्रसूता और नवजात को चिकित्सा सहायता दिलाने के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। आरपीएफ ने रेलवे कर्मचारियों और जीआरपी के सहयोग से दोनों को बरेली जंक्शन पर ट्रेन से उतारा। इसके बाद रात करीब 2:10 बजे महिला और बच्ची को पति व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। परिजन भी उनके साथ अस्पताल रवाना हुए।
ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत की सहायता
महिला की सहायता के दौरान डिप्टी स्टेशन अधीक्षक, जीआरपी के उपनिरीक्षक और अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। रेलवे अस्पताल के सहायक वेदपाल ने भी सहयोग किया। रेलवे और सुरक्षा कर्मियों के समन्वय से प्रसूता तथा नवजात को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। आरपीएफ ने यह सहायता ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत उपलब्ध कराई। सूचना मिलने से लेकर ट्रेन के जंक्शन पहुंचने और महिला को अस्पताल भेजे जाने तक संबंधित कर्मचारी सहायता में जुटे रहे।