बरेली। भविष्य के खिलाड़ियों की प्रतिभा तलाशने और उन्हें निखारने के उद्देश्य से बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में गुरुवार को 70वीं जनपदीय विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और सांसद छत्रपाल गंगवार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 400 से अधिक एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
विद्यालय स्तर के बाद तहसील स्तर पर अपने प्रदर्शन के दम पर जीत हासिल करने वाले खिलाड़ी अब जनपदीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। तीन दिनों तक विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभागियों के बीच मुकाबले होंगे। उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के उद्घाटन से पहले विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विशेष परिधानों में सजकर पहुंचे बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में रंग भर दिया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की और उनका हौसला बढ़ाया। खेल प्रतिभाओं के साथ विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभा भी उद्घाटन समारोह का आकर्षण रही।
इस्लामिया इंटर कॉलेज को सौंपी गई मेजबानी
शिक्षा विभाग ने इस बार 70वीं जनपदीय विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज को सौंपी है। मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने आयोजन की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए मेजबान विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों को सराहा। मंत्री ने कहा कि भविष्य के खिलाड़ी तैयार करने के लिए बरेली में शानदार खेल ढांचा उपलब्ध है। स्पोर्ट्स स्टेडियम में बेहतरीन व्यवस्थाएं हैं। बच्चे जिस जोश और जुनून के साथ खेलों से जुड़ रहे हैं, उससे विश्वास है कि वे आने वाले समय में जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने प्रतिभागियों को टीम भावना के साथ खेलने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सांसद बोले, खेल भावना के साथ करें प्रदर्शन
सांसद छत्रपाल गंगवार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में सैकड़ों एथलीट विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि पैदा करने वाले खेल शिक्षकों के योगदान की सराहना की। सांसद ने कहा कि खिलाड़ियों को टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों से बरेली के साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। अतिथियों के प्रोत्साहन के बीच खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।