UP NEWSमुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को सहारा देते पुलिसकर्मी, साथ में पकड़ा गया दूसरा आरोपी।

बरेली। फरीदपुर में बीसलपुर रोड पर साठा पुलिया के पास पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर एक्ट का वांछित आरोपी कासिम खां पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी जाहिद अली खां को भी गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आठ अक्तूबर को मुखबिर की सूचना पर साठा पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवारों की घेराबंदी की गई। रोकने का प्रयास करने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में मेवा शर्फापुर निवासी कासिम खां के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी जाहिद अली खां को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

अगस्त में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में था वांछित

कासिम के खिलाफ 22 अगस्त को फरीदपुर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में कार्रवाई चल रही थी। इस मुकदमे में पांच लोगों को नामजद किया गया था। कासिम तभी से वांछित था। घायल कासिम को पहले सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसकी निगरानी के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

दूसरे आरोपी के तमंचे की नाल में फंसा मिला कारतूस

पुलिस के अनुसार, कासिम के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस मिला। जाहिद के पास से भी 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ, जिसकी नाल में कारतूस फंसा था। इसके अलावा एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई। घटनास्थल की जांच के लिए फील्ड यूनिट को सूचना दी गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज करने और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *