bareillyकलश यात्रा में मौजूद महिलाएं।

बरेली। विकास भवन से बरेली क्लब तक बुधवार को सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बाइक सवारों के साथ पैदल चल रहे लोगों ने भी हिस्सा लिया। बरेली क्लब में यात्रा के समापन पर सेवा कलश और अखंड सेवा ज्योति स्थापित की गई। इसके बाद विकसित भारत संकल्प सभा हुई।

सेवा संकल्प अभियान के तहत सुबह नौ बजे विकास भवन से यात्रा रवाना हुई। इसमें अधिकारी, कर्मचारी और आम लोग शामिल हुए। बाइक, कलश और पैदल यात्रा के जरिए लोगों को सेवा कार्यों से जुड़ने का संदेश दिया गया। यात्रा बरेली क्लब पहुंचकर संपन्न हुई।

बरेली क्लब में स्थापित की गई सेवा ज्योति

यात्रा के समापन पर बरेली क्लब में सेवा कलश स्थापित किया गया और अखंड सेवा ज्योति जलाई गई। कार्यक्रम में इस ज्योति को निरंतर सेवा और जनकल्याण का प्रतीक बताया गया। उपस्थित लोगों ने सेवा कार्यों और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दूसरों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई। जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया। सभा में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में लोगों की भागीदारी पर जोर दिया गया। नागरिकों को सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

जिले में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ है, जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। आयोजकों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना है। बुधवार की यात्रा और सभा भी इसी अभियान का हिस्सा रहीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अविनाश त्रिपाठी और जिला विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी व आम लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *