बरेली। समाजवादी पार्टी की नई जिला कार्यकारिणी ने बरेली की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। संगठन को धार देने के लिए तैयार की गई टीम में हिस्ट्रीशीटर परवेज यार खां को जिला सचिव की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद नियुक्ति पर सवालों की बौछार शुरू हो गई है। जिलाध्यक्ष ने कहा मामला मेरे संज्ञान में नहीं है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से तीन अक्टूबर को जारी आदेश में नई जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं। आदेश सामने आने के बाद पार्टी की जिला टीम में परवेज की नई जिम्मेदारी का मामला सुर्खियों में है। जारी सूची में शामिल प्रेमनगर के ब्रह्मपुरा निवासी परवेज यार खां प्रेमनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। अब उसे सपा की जिला कार्यकारिणी में जिला सचिव जैसी संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली है। जिला सचिव पार्टी की जिला इकाई का प्रमुख पदाधिकारी होता है और संगठन से जुड़े कार्यक्रमों व गतिविधियों में उसकी भूमिका रहती है।
पहले भी सपा के कार्यक्रमों में दिखता रहा नाम
परवेज यार खां सपा की राजनीतिक गतिविधियों में पहले से सक्रिय रहा है। अगस्त में सपा के प्रतिनिधिमंडल के साथ वह सचिन कश्यप के परिवार से मिलने भी पहुंचा था। इसके अलावा पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में भी उसकी मौजूदगी सामने आती रही है। अब नई जिला कार्यकारिणी में उसे बाकायदा पद देकर संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सपा की नई जिला कार्यकारिणी के लिए जारी आदेश में कई पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं। जिला उपाध्यक्षों के बाद जिला सचिवों की सूची दी गई है। इसी सूची में परवेज यार खां का नाम चौथे नंबर पर दर्ज है। यानी आदेश में उसके नाम के साथ पद भी स्पष्ट रूप से लिखा गया है।
जिलाध्यक्ष बोले- मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं है
परवेज यार खां को जिला सचिव बनाए जाने को लेकर सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव से बात की गई। उन्होंने साफ कहा, मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं है। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी तीन अक्टूबर के आदेश में परवेज यार खां का नाम जिला सचिव के तौर पर दर्ज है। एक तरफ प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश है, जिसमें परवेज यार खां को जिला सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी तरफ जिलाध्यक्ष का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। ऐसे में सपा की नई जिला कार्यकारिणी में हिस्ट्रीशीटर परवेज यार खां को मिली संगठनात्मक जिम्मेदारी अब इस पूरे प्रकरण का सबसे अहम पहलू बन गई है।