UP NEWSमानुष पारीक व बरेली के नए एसपी सिटी चिराग जैन।

बरेली। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने एक साथ 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में बरेली और आजमगढ़ के पुलिस महकमे में भी बड़ा बदलाव हुआ है। बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक को आजमगढ़ का एसपी सिटी बनाया गया है, जबकि आजमगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन को बरेली का नया एसपी सिटी नियुक्त किया गया है।

एसपी सिटी मानुष पारिख बरेली लंबे समय से शहर कप्तान की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनका कार्यकाल काफी सराहनीय रहा। अपने कार्यकाल के दौरान फर्जी जालसाजी करने वाले चकबंदी लेखपाल गैंग समेत उन्होंने कई अपराधी गैंग का पर्दाफाश किया। 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी मानुष पारीक ने सितंबर 2024 में बरेली के एसपी सिटी का पद संभाला था। करीब दो साल के कार्यकाल में उन्होंने अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी कई सख्त फैसले लिए।

साइको किलर केस से लेकर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तक

मानुष पारीक के कार्यकाल में बरेली में चर्चित साइको किलर मामले का खुलासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई में शामिल रहा। इसके अलावा फरीदपुर में पुलिसकर्मी के कमरे से नकदी बरामद होने के मामले और पुलिस लाइन में फर्जी ड्यूटी लगाने वाले गिरोह के खुलासे जैसी कार्रवाई ने भी सुर्खियां बटोरीं। विभाग के भीतर गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई करने में भी पारीक पीछे नहीं रहे। अब उन्हें आजमगढ़ जैसे बड़े और संवेदनशील जिले में शहरी पुलिसिंग की जिम्मेदारी दी गई है। वहां अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनके सामने बड़ी चुनौती होगी।

अब बरेली में दिखेगा चिराग जैन का एक्शन

आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पद पर तैनात रहे चिराग जैन अब बरेली के एसपी सिटी होंगे। चिराग जैन भी 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह जनवरी 2024 से आजमगढ़ में तैनात थे। उत्तर प्रदेश पुलिस के रिकॉर्ड में उनकी तैनाती अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, आजमगढ़ के रूप में दर्ज है।

26 जनवरी को मिला था डीजीपी प्रशंसा चिह्न

चिराग जैन को पुलिसिंग में बेहतर काम के लिए 26 जनवरी 2026 को डीजीपी प्रशंसा चिह्न रजत से सम्मानित किया गया था। आजमगढ़ में उनके कार्यकाल के दौरान अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ कई अभियान चलाए गए। गणतंत्र दिवस पर उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किए जाने की पुष्टि आजमगढ़ की खबरों में भी हुई थी।

बरेली में ट्रैफिक और अपराध नियंत्रण होगी बड़ी चुनौती

बरेली में एसपी सिटी की जिम्मेदारी संभालना चिराग जैन के लिए नया अनुभव होगा। शहर में अपराध नियंत्रण के साथ ट्रैफिक व्यवस्था, बाजारों की सुरक्षा, त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और संवेदनशील इलाकों में पुलिसिंग उनके सामने प्रमुख चुनौती रहेगी। व्यापारियों और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा।

मुजफ्फरनगर, बाराबंकी और जौनपुर में भी बदलाव

फेरबदल में मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार को प्रयागराज स्थित चौथी वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है। बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त रवीना त्यागी को बाराबंकी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बाराबंकी में तैनात अर्पित विजयवर्गीय अब लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त होंगे। बस्ती के एसपी यशवीर सिंह को जौनपुर भेजा गया है, जबकि जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह की तैनाती लखनऊ स्थित पीएसी मुख्यालय में की गई है।

बलिया, मऊ और गाजीपुर के कप्तान बदले

बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह को बस्ती की कमान सौंपी गई है। गाजीपुर के एसपी ईरज राजा अब बलिया के पुलिस अधीक्षक होंगे। जालौन में तैनात विनय कुमार सिंह को गाजीपुर भेजा गया है। प्रयागराज स्थित चौथी वाहिनी पीएसी के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। मऊ के एसपी कमलेश बहादुर को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ में लोक शिकायत की जिम्मेदारी दी गई है। हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

एडीजी स्तर पर भी जिम्मेदारियां बदलीं

अपर पुलिस महानिदेशक ए. सतीश गणेश के पास यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी रहेगी। उनके पास मौजूद अभिसूचना का अतिरिक्त प्रभार अपर पुलिस महानिदेशक भगवान स्वरूप श्रीवास्तव को दिया गया है। श्रीवास्तव तकनीकी सेवाओं के साथ यह अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *