UP NEWSसीएम ग्रिड के तहत लगाए गए सैंडस्टोन की फिनिशिंग देखते नगर आयुक्त

बरेली। करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण में कराए गए निर्माण कार्यों में खामियां मिली हैं। मंगलवार देर शाम निरीक्षण पर निकले नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बेतरतीब काम और खराब फिनिशिंग पर नाराजगी जताई। फुटपाथ की खुदाई को लेकर ठेकेदार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण की गुणवत्ता और मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय और नगर निगम के अन्य अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों का जायजा लिया। योजना के पहले चरण में मॉडल टाउन, कुष्ठ आश्रम रोड, डीडीपुरम और स्टेडियम रोड समेत कई स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण कराया गया है। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर फिनिशिंग संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसी को कमियां तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।

प्लांटरों की फिनिशिंग सुधारें, बड़े पौधे लगाएं

सड़क किनारे लगाए गए प्लांटरों का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने उनके किनारों पर सैंडस्टोन का काम व्यवस्थित और आकर्षक ढंग से कराने को कहा। हरियाली बढ़ाने और सड़कों का सौंदर्य निखारने के लिए बड़े पौधे लगाने के भी निर्देश दिए।

फुटपाथ के निर्माण में मिली खामियों को दुरुस्त कराने के निर्देश देते नगर आयुक्त।

मानकों के अनुरूप हों रोड साइनेज और मार्किंग

नगर आयुक्त ने रोड साइनेज और सड़क की मार्किंग भी देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि संकेतक और मार्किंग निर्धारित मानकों के अनुरूप हों। जहां काम अधूरा है या मानकों के अनुसार नहीं हुआ है, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।

फुटपाथ पर दुकान और कार मिली तो नोटिस

निरीक्षण के दौरान फुटपाथ पर अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा। नगर आयुक्त ने फुटपाथ पर दुकानें लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए हैं, इन पर व्यावसायिक अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। फुटपाथ पर कार खड़ी करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और स्थानीय निवासियों को भी नोटिस जारी करने को कहा।

पहले भी नोटिस, अब एजेंसी पर कार्रवाई की तैयारी

निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर कार्यदायी एजेंसी अनमोल एसोसिएट को पहले भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर नगर निगम प्रशासन एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि खराब फिनिशिंग दुरुस्त कराई जाएगी और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *