लखनऊ। यूपी से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के सभी आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार को नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के साथ जमा किए गए हलफनामों में उम्मीदवारों की संपत्ति, देनदारी, शैक्षिक योग्यता और आपराधिक मामलों की जानकारी सामने आई है। हलफनामे बताते हैं कि किसी उम्मीदवार को हथियारों का शौक है तो कोई करोड़ों की संपत्ति का मालिक है। वहीं, आठ में सिर्फ एक उम्मीदवार के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

धर्मपाल सिंह के पास राइफल और रिवॉल्वर

यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह हथियार रखने के मामले में सबसे आगे नजर आते हैं। उनके पास एक राइफल और एक रिवॉल्वर है। उनकी पत्नी वंदना देवी के नाम पर भी एक रिवॉल्वर दर्ज है। यानी दंपती के पास कुल तीन हथियार हैं।

गोपी कृष्ण पांडेय के पास दो लाख की वेबले स्कॉट रिवॉल्वर

कानपुर निवासी भाजपा उम्मीदवार गोपी कृष्ण पांडेय के पास करीब दो लाख रुपये कीमत की वेबले स्कॉट रिवॉल्वर है। वेबले एंड स्कॉट ब्रिटेन की चर्चित हथियार निर्माता कंपनी है। कंपनी ने मेक इन इंडिया पहल के तहत हरदोई के संडीला में भारतीय कंपनी सियाल मैन्युफैक्चरर्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से हथियार निर्माण का संयंत्र भी स्थापित किया है।

16.41 करोड़ की संपत्ति के साथ विद्यासागर सोनकर सबसे अमीर

संपत्ति के मामले में जौनपुर के कद्दावर नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एमएलसी विद्यासागर सोनकर भाजपा के आठ उम्मीदवारों में सबसे आगे हैं। उनके पास कुल करीब 16.41 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। इसमें 2.16 करोड़ रुपये की चल और 14.25 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उनकी पत्नी रेखा के नाम 2.34 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनके नाम कोई अचल संपत्ति दर्ज नहीं है। दंपती के पास करीब 925 ग्राम सोना और पांच किलो चांदी भी है।

राधाकांत ओझा के पास 11.85 करोड़ की संपत्ति

राधाकांत ओझा भी करोड़पति उम्मीदवारों की सूची में ऊपर हैं। उनके पास करीब 11.85 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 3.87 करोड़ की चल और पांच करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उनके पास प्रीमियम किआ कार्निवल और अल्टो कार है। पत्नी सुमित्रा ओझा के नाम 2.07 करोड़ की चल और 99 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है।

श्रुति गंगवार पढ़ाई और सोने में आगे

श्रुति गंगवार की शैक्षिक योग्यता भी खास है। उन्होंने वर्ष 2000 में रुड़की यूनिवर्सिटी से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। यह संस्थान अब आईआईटी रुड़की के नाम से जाना जाता है। सोने-चांदी के मामले में भी श्रुति गंगवार आगे हैं। उनके पास करीब सवा किलो सोना और पांच किलो चांदी है, जिसकी कुल कीमत डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है।

प्रियंका रावत पर सबसे ज्यादा कर्ज

प्रियंका रावत के पास अपने पति रघुनाथ से अधिक संपत्ति है। वह चल और अचल दोनों संपत्तियों में पति से आगे हैं। हालांकि देनदारी के मामले में भी वह सबसे आगे हैं। प्रियंका पर करीब एक करोड़ रुपये का कर्ज है, जबकि उनके पति रघुनाथ पर करीब 37 लाख रुपये की देनदारी है। पति-पत्नी पर कुल मिलाकर करीब 1.37 करोड़ रुपये का कर्ज है।

प्रकाश पाल के पास दो स्कूटी

संपत्ति के मामले में भाजपा के आठ उम्मीदवारों में ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश पाल सबसे नीचे हैं। उनके पास कुल करीब 1.37 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 19.86 लाख रुपये की चल और करीब 1.17 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। वाहनों की बात करें तो उनके पास दो स्कूटी हैं। इनमें एक उनके और दूसरी उनकी पत्नी नीतू पाल के नाम है। खास बात यह है कि प्रकाश पाल खुद 2015 मॉडल की पुरानी स्कूटी इस्तेमाल करते हैं, जबकि उनकी पत्नी के नाम 2021 मॉडल की स्कूटी है।

रामप्रताप सिंह पर दो आपराधिक मुकदमे

आपराधिक मामलों के मामले में आगरा के रामप्रताप सिंह सबसे अलग हैं। आठों उम्मीदवारों में सिर्फ उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन पर दो मामले चल रहे हैं। इनमें एक मामला लखनऊ में गैरकानूनी जनसभा, दंगा और विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने से जुड़ी धाराओं में दर्ज है। दूसरा मुकदमा आगरा में बिना पहचान के चुनाव सामग्री छापने से संबंधित है। दोनों मामले अदालत में विचाराधीन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *