bareillyडॉ. हरि सिंह ढिल्लों के नामांकन में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार और मेयर डॉ. उमेश गौतम

46,699 शिक्षक मतदाता करेंगे फैसला, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 को मतगणना नामांकन के साथ मुकाबला साफ

बरेली। मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद उपचुनाव में सोमवार को भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों और सपा के हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर ने नामांकन दाखिल किया। दोनों प्रत्याशी समर्थकों के साथ पहुंचे और दलों ने शक्ति प्रदर्शन किया।

भाजपा ने ढिल्लों पर फिर जताया भरोसा

डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के नामांकन में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार और मेयर डॉ. उमेश गौतम समेत पार्टी नेता मौजूद रहे। भाजपा ने उन्हें लगातार तीसरी बार प्रत्याशी बनाया है।

सपा ने दानिश को उतारा

बिजनौर निवासी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर ने भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पर्चा दाखिल किया। वह पहले भी इस शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं।

नौ जिलों में 46,699 शिक्षक मतदाता

निर्वाचन क्षेत्र में बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर और संभल जिले शामिल हैं। इस बार 46,699 शिक्षक मतदाता हैं, जबकि 2020 में इनकी संख्या 36,703 थी।

नामांकन से मतगणना तक यह रहेगा क्रम

छह अक्टूबर तक नामांकन दाखिल होंगे। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच, जबकि नौ अक्टूबर को नाम वापसी होगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।

नामांकन स्थल पर सुरक्षा के इंतजाम

नामांकन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सीओ एलआईयू विजय राणा और सीओ प्रथम आशुतोष शिवम समेत अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *