बरेली। सिरौली कस्बे में छुट्टा पशुओं का आतंक किसानों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। शनिवार शाम गांव धौरेला स्थित खेत पर उड़द की फसल देखने गए भाजपा के सिरौली मंडल प्रभारी सत्यपाल कश्यप पर सांड़ ने हमला कर दिया। सांड़ ने उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने दौड़कर सांड़ को भगाया और सत्यपाल कश्यप को बचाया। इसके बाद उन्हें घर लाकर उपचार कराया गया।
सिरौली कस्बे के मोहल्ला कश्यप निवासी सत्यपाल कश्यप ने बताया कि शनिवार शाम वह गांव धौरेला स्थित अपने खेत पर उड़द की फसल देखने गए थे। खेत पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक सांड़ खेत में घुसकर फसल को रौंद रहा था। फसल को नुकसान होता देख उन्होंने सांड़ को खेत से बाहर निकालने की कोशिश की।
डंडा लेकर भगाने बढ़े तो पलटकर झपटा सांड़
सत्यपाल कश्यप ने डंडे की मदद से सांड़ को भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान सांड़ अचानक उनकी तरफ पलट गया और तेजी से हमला कर दिया। सत्यपाल कश्यप जब तक खुद को बचा पाते, सांड़ ने उन्हें चपेट में ले लिया। सांड़ ने उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों की नजर पड़ी तो वे शोर मचाते हुए मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद सांड़ को वहां से भगाया। इसके बाद घायल सत्यपाल कश्यप को खेत से घर लाया गया और उनका उपचार कराया गया।
छुट्टा पशुओं से फसल बचाएं या खुद की जान
घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में छुट्टा पशुओं को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में घूम रहे छुट्टा गोवंश और सांड़ किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन चुके हैं। किसान दिन-रात फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं। कई बार पशुओं को खेतों से भगाने के दौरान वे हमलावर हो जाते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में पहले भी छुट्टा पशुओं के हमले में किसान और राहगीर घायल हो चुके हैं। सड़कों पर घूमने वाले पशुओं के कारण हादसों का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से छुट्टा पशुओं को पकड़वाकर गोशालाओं में भेजने और किसानों को इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।