बरेली। मीरगंज तहसील के अग्रास और खुर्रमपुर गांव में खेतों में कई दिनों से भरे पानी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फसलें पानी में डूबने से नाराज किसान शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी अविनाश सिंह को शिकायती पत्र देकर जल निकासी कराने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। डीएम ने मामले में कार्रवाई और समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
किसानों के मुताबिक अग्रास और खुर्रमपुर गांव के खेतों में करीब सात दिन से पांच से छह फीट तक पानी भरा हुआ है। इससे खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब गई हैं। किसानों का कहना है कि जलभराव की समस्या को लेकर पहले एसडीएम मीरगंज को भी अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक पानी की निकासी नहीं हो सकी।
बसीट नाले पर कब्जे का लगाया आरोप
किसानों ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि फतेहगंज पश्चिमी कस्बे से होकर गुजरने वाले बसीट नाले पर स्थानीय लोगों ने कब्जा कर उसे अवरुद्ध कर दिया है। नाले से पानी की निकासी नहीं होने के कारण आसपास के खेतों में जलभराव हो गया है। लगातार पानी भरा रहने से फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
बोले किसान- रोजी-रोटी पर आया संकट
किसानों का कहना है कि खेतों में पांच से छह फीट पानी होने के कारण फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं। खेती ही परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन है। फसल खराब होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने प्रशासन से बसीट नाले की पैमाइश कराने और कथित अवैध कब्जे हटवाकर जल निकासी सुचारू कराने की मांग की है। कलक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यदि जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आत्मदाह जैसा कदम उठा सकते हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने किसानों की शिकायत सुनकर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।