bareillyएसएसपी अनुराग आर्य।

बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य ने सितंबर में साइबर अपराध से जुड़े काम के आधार पर जिले के 28 थानों और साइबर क्राइम थाने की रैंकिंग जारी की है। बिथरी चैनपुर ने पहला, भुता ने दूसरा और सिरौली ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं सबसे नीचे रहे अलीगंज, देवरनियां और मीरगंज की साइबर टीमों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

थानों की रैंकिंग केवल दर्ज मुकदमों की संख्या देखकर नहीं बनाई गई। साइबर शिकायतों के निस्तारण, एफआईआर दर्ज कर पोर्टल पर अपलोड करने, ठगी की रकम पर लियन लगाने, CEIR के जरिये मोबाइल बरामद करने, संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराने, रकम वापसी और दूसरे साइबर मामलों के निस्तारण समेत 14 बिंदुओं पर नंबर दिए गए। कुल 200 अंक रखे गए थे। लंबित मामलों पर नंबर काटने की व्यवस्था भी की गई।

बिथरी चैनपुर टॉप पर, महज 0.44 अंक से पीछे रहा भुता

रैंकिंग में मुकाबला बेहद करीबी रहा। बिथरी चैनपुर 179.93 अंक लेकर पहले स्थान पर रहा। भुता को 179.49 अंक मिले और वह सिर्फ 0.44 अंक से पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहा। सिरौली 176.03 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद भमोरा को 172.75 अंक के साथ चौथा और विशारतगंज को 171.68 अंक के साथ पांचवां स्थान मिला। हाफिजगंज ने 169.73 अंक हासिल कर छठा स्थान पाया। किला 168.45 अंक के साथ सातवें, शेरगढ़ 167.78 अंक के साथ आठवें, आंवला 167.13 अंक के साथ नौवें और क्योलड़िया 165.67 अंक लेकर दसवें स्थान पर रहा। इस तरह सितंबर की साइबर रैंकिंग के टॉप-10 में बिथरी चैनपुर, भुता, सिरौली, भमोरा, विशारतगंज, हाफिजगंज, किला, शेरगढ़, आंवला और क्योलड़िया शामिल रहे।

नीचे के 10 में भोजीपुरा से अलीगंज तक

रैंकिंग के निचले दस स्थानों की सूची भी जारी की गई है। भोजीपुरा 158.58 अंक लेकर 20वें, कोतवाली 158.02 अंक के साथ 21वें, बहेड़ी 155.91 अंक के साथ 22वें, कैंट 155.54 अंक के साथ 23वें और नवाबगंज 154.60 अंक लेकर 24वें स्थान पर रहा। साइबर क्राइम थाना 153.02 अंक के साथ 25वें, फरीदपुर 151.91 अंक के साथ 26वें, मीरगंज 149.28 अंक के साथ 27वें, देवरनियां 145.06 अंक के साथ 28वें और अलीगंज 136.95 अंक के साथ 29वें स्थान पर रहा। अच्छा काम करने वाली टीमों को सिर्फ रैंकिंग में जगह ही नहीं मिली, उन्हें नकद इनाम भी दिया गया। पहले स्थान पर रहे बिथरी चैनपुर के थाना प्रभारी और साइबर टीम को 10 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहे भुता के थाना प्रभारी और टीम को 7500 रुपये और तीसरे स्थान पर रहे सिरौली के थाना प्रभारी और साइबर टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

आखिरी तीन थानों पर सख्ती, विभागीय कार्रवाई शुरू

रैंकिंग में खराब प्रदर्शन करने वालों पर एसएसपी ने सख्ती भी दिखाई है। सबसे नीचे रहे अलीगंज, देवरनियां और मीरगंज थानों की साइबर टीम के सदस्यों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की यह रैंकिंग अब हर महीने तैयार की जाएगी, जिससे साफ होगा कि साइबर ठगी के मामलों में कौन सा थाना कितना काम कर रहा है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि साइबर अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले के सभी 28 थानों और साइबर क्राइम थाने के काम का हर महीने तय मानकों पर मूल्यांकन किया जा रहा है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और साइबर टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि तय मानकों के मुताबिक काम नहीं करने वालों पर कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *