UP NEWSप्रतीकात्मक चित्र

बरेली। किला थाना क्षेत्र में पति की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। महिला की मौत के बाद उसके भाई ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाई का कहना है कि पति आए दिन उसकी बहन के साथ मारपीट करता था और इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

27 सितंबर को बहन ने फोन पर बताई थी पति की करतूत

मेरठ कैंट के कंकरखेड़ा क्षेत्र के साधुनगर निवासी राकेश चौधरी ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन मोनी की शादी बरेली के किला थाना क्षेत्र के चिपी टोला निवासी शानू पुत्र बनवारी लाल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही शानू मोनी के साथ मारपीट और उसे प्रताड़ित करता था। मोनी ने कई बार अपनी छोटी बहन शीतल को पति की हरकतों के बारे में बताया था।

‘आज पति ने बहुत मारा’, मौत से दो दिन पहले बहन ने कही थी बात

राकेश के मुताबिक 27 सितंबर को मोनी ने अपनी छोटी बहन शीतल को फोन किया था। उसने बताया था कि उसके पति शानू ने उस दिन उसके साथ बहुत मारपीट की है। परिवार का आरोप है कि पति की लगातार मारपीट और प्रताड़ना से मोनी मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।

बेटी के फोन से खुला मां की मौत का राज

29 सितंबर को मोनी की बेटी मिस्टी ने अपनी मौसी शीतल को फोन किया। उसने बताया कि उसकी मां ने शाम करीब चार बजे फांसी लगा ली है। यह खबर मिलते ही मायके में कोहराम मच गया। परिजन बरेली पहुंचे तो मोनी की मौत हो चुकी थी।

भाई बोला- पति की प्रताड़ना से तंग होकर दी जान

मृतका के भाई राकेश ने आरोप लगाया कि उसकी बहन ने पति शानू की मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है। उसने किला थाने में तहरीर देकर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज

राकेश की शिकायत पर किला पुलिस ने शानू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत से पहले महिला के साथ हुई मारपीट और पति पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *