UP NEWSरंगदारी और फायरिंग के मामले में पुलिस हिरासत में जाकिर हुसैन उर्फ जाकिर प्रधान।

बरेली। कैंट क्षेत्र के मोहनपुर निवासी और स्मैक तस्कर उस्मान के दामाद जाकिर हुसैन उर्फ जाकिर प्रधान को पुलिस ने मंगलवार रात हिरासत में लिया। बुधवार को पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जाकिर पर रंगदारी मांगने, मारपीट, धमकी देने और तमंचे से फायर करने के आरोप में कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज है।

10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप

मामला सितंबर की शुरुआत का है। मोहनपुर निवासी वाजिद हुसैन ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत कर बताया था कि जाकिर हुसैन, उसके भाई आसिफ हुसैन और आमिर हुसैन ने उसकी पैतृक संपत्ति, खेती, जिम और आइस फैक्ट्री पर कब्जा कर रखा है। आरोप है कि घर में रहने के एवज में तीनों उससे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे।

शिकायत के बाद दर्ज हुई थी रिपोर्ट

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि 22 अगस्त को आसिफ ने फोन कर उसे बुलाया था। वहां जाकिर कथित तौर पर तमंचा लेकर बैठा था। आरोप है कि जाकिर ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के बाद तमंचे से फायर किया, लेकिन गोली नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने 10 लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

पत्नी से भी मारपीट का आरोप

वाजिद ने अपनी शिकायत में 27 अगस्त की घटना का भी जिक्र किया था। आरोप लगाया कि जाकिर, आसिफ और आमिर लाठी-डंडे और तमंचे लेकर पहुंचे और जान से मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान जाकिर ने उसकी पत्नी असमा के कान पर घूंसा मारा, जिससे वह गिरकर बेहोश हो गई। वाजिद ने 112 पर सूचना देने और पुलिस के पहुंचने की बात भी शिकायत में कही थी।

एसएसपी से शिकायत के बाद कैंट थाने में मुकदमा

वाजिद ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की थी। इसके बाद 7 सितंबर को कैंट थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब मंगलवार रात पुलिस ने जाकिर हुसैन को हिरासत में लिया है। बुधवार को पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *