bareillyलापता किशोर का फोटो।

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के तुला शेरपुर में मंगलवार सुबह दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गया 18 वर्षीय युवक नकटिया नदी में बह गया। युवक को डूबता देख उसके एक दोस्त ने बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं सका। सूचना पर पुलिस और गोताखोरों ने तलाश शुरू की। घटना के आठ घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।

तीन दोस्तों के साथ नदी पर गया था महेश

तुला शेरपुर निवासी 18 वर्षीय महेश मंगलवार सुबह अपने दोस्त अभिषेक, शिवा और नकुल के साथ श्मशान घाट के पास नकटिया नदी में मछली पकड़ने गया था। पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे महेश अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया। महेश को पानी में बहता देख अभिषेक ने उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी। उसने महेश तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। देखते ही देखते महेश पानी में ओझल हो गया।

इज्जतनगर और बिथरी पुलिस पहुंची, गोताखोरों ने खंगाली नदी

घटना की जानकारी मिलते ही इज्जतनगर और बिथरी चैनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर महेश की तलाश शुरू कराई गई। बाद में पीएसी के गोताखोरों को भी अभियान में लगाया गया। करीब आठ घंटे तक चले तलाशी अभियान के बावजूद महेश का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस की निगरानी में गोताखोर नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं। घटना के बाद युवक के परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *