bareillyनाबालिग को आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में गिरफ्तार निर्दोष राठौर।

बरेली। नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने और उसे आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में करीब दो महीने से फरार चल रहे निर्दोष राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बिथरी चैनपुर पुलिस ने उसे नवदिया झादा पुल के नीचे से दबोचा। आरोपी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तारी के एक दिन पहले इज्जतनगर थाने में भी उसके खिलाफ धमकी, असलहे के साथ हमला करने की कोशिश और अन्य आरोपों में एक और शिकायत दी गई है।

होटल में वीडियो बना, वायरल होने के बाद नाबालिग ने दी जान

पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई को दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित ब्लू डायमंड होटल में नाबालिग के साथ जबरदस्ती की घटना हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसका अश्लील वीडियो बनाया गया और बाद में वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद नाबालिग ने आत्महत्या कर ली थी। मामले में 22 जुलाई को बिथरी चैनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

दो महीने से फरार था आरोपी

मुकदमा दर्ज होने के बाद से निर्दोष राठौर पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। 26 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे नवदिया झादा पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में निर्दोष राठौर ने नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की बात बताई। मामले में उसके खिलाफ धारा 108 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

एक और FIR में धमकी और असलहे के आरोप

इधर, 25 सितंबर को इज्जतनगर थाने में दी गई तहरीर ने मामले को और गंभीर बना दिया। शिकायतकर्ता ने निर्दोष राठौर, मोहित गोस्वामी और गोपी पटेल समेत अन्य लोगों पर सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने, फन सिटी के पास लड़ाई के लिए ललकारने और अवैध असलहे के साथ हमला करने के प्रयास का आरोप लगाया है। तहरीर में जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया गया है।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, निर्दोष राठौर के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, आईटी एक्ट, आयुध अधिनियम और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। अब नाबालिग की मौत से जुड़े मुकदमे में गिरफ्तारी और नई शिकायत के बाद उसके खिलाफ दर्ज मामलों की चर्चा फिर तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *