UP NEWSAI चित्र

बरेली। कैंट इलाके में दबंगों ने एक डॉक्टर को रास्ते में रोककर जमकर पीट दिया। आरोप है कि तीन अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे युवक ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान डॉक्टर के सिर पर ईंट से हमला कर दिया गया। घायल डॉक्टर ने कैंट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पिंक बूथ के पास घेरकर शुरू कर दी मारपीट

शाहजहांपुर के चिनौर निवासी डॉ. अजीत कुमार सिंह कैंट के छावनी सार्वजनिक चिकित्सालय में कार्यरत हैं। तहरीर के मुताबिक 24 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपना काम निपटाकर कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान वीआईपी पिंक बूथ के पास सौरभ यादव निवासी हाथी पार्क के पास, सदर कैंट ने अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ उन्हें रोक लिया।

गाली-गलौज के बाद ईंट से किया हमला

डॉक्टर का आरोप है कि आरोपियों ने बिना किसी वजह के उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। शरीर के कई हिस्सों में भी चोटें आईं।

शोर सुनकर भाई और परिचित पहुंचे

मारपीट के दौरान डॉक्टर के शोर मचाने पर उनके भाई प्रेमजीत सिंह और परिचित संजीव कुमार समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी वहां से चले गए। डॉक्टर का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

डॉक्टर ने कैंट थाने में दी तहरीर

घटना के अगले दिन 25 सितंबर को डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कैंट थाने पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने, मेडिकल कराने और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *