बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे पर संभल-बदायूं सीमा के पास गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कैंटर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ग्रेटर नोएडा निवासी जफरुल हसन और उनके सात वर्षीय बेटे अर्श मुहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
शोक में शामिल होने बदायूं आया था परिवार
जफरुल हसन परिवार के साथ बदायूं में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। गुरुवार को वह पत्नी और दो बच्चों के साथ कार से ग्रेटर नोएडा लौट रहे थे। कार समीर चला रहे थे। वाहन में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। संभल-बदायूं सीमा के निकट गंगा एक्सप्रेस-वे पर चैनल नंबर 31 के आसपास कार आगे चल रहे कैंटर में पीछे से घुस गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसा देखकर एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे वाहन भी रुक गए।
पुलिस ने कार से निकाले घायल
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तब तक जफरुल हसन और उनके सात वर्षीय बेटे अर्श मुहम्मद की मौत हो चुकी थी। चालक समेत तीन घायलों को उपचार के लिए बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को हादसे की सूचना दी। दुर्घटना संभल जिले के बहजोई क्षेत्र में हुई है। प्रारंभिक तौर पर चालक को झपकी आने की आशंका हादसे की वजह बताई जा रही है, हालांकि पुलिस दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है।